फलोदी पुलिस प्रशासन ने न्यायालय के आदेश पर 4 करोड़ 14 लाख रुपए से अधिक मूल्य के अवैध मादक पदार्थों को नष्ट किया है। यह कार्रवाई जिला फलोदी के विभिन्न पुलिस थानों में जब्त किए गए डोडा पोस्त, स्मैक और एमडी के 38 प्रकरणों से संबंधित थी। इन पदार्थों को फलोदी शहर के बाहर एक निर्धारित स्थान पर जलाकर नष्ट किया गया। एसपी कुंदन कंवरिया ने बताया कि न्यायालय से एनडीपीएस एक्ट की धारा 52 ए के तहत प्रक्रिया पूरी होने के बाद नष्टीकरण समिति का गठन किया गया था। इस समिति की देखरेख में सभी जब्तशुदा मादक पदार्थों को एक स्थान पर जलाकर नष्ट किया गया। नष्टीकरण के दौरान, विभिन्न पुलिस थानों से कुल 38 प्रकरणों में जब्त 25 क्विंटल डोडा पोस्त, 100 ग्राम स्मैक और 1.5 किलोग्राम एमडी को जलाया गया। इस प्रक्रिया में नष्टीकरण समिति के अध्यक्ष एसपी कुंदन कंवरिया, सदस्य एडीशनल एसपी ब्रजराज सिंह चारण, एएसआई बाबूराम (अपराध सहायक फलोदी) और संबंधित थानाधिकारी उपस्थित रहे। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में पुलिस थाना मतोड़ा में वर्ष 2025 में जब्त किया गया 9 क्विंटल डोडा पोस्त सबसे बड़ी जब्ती थी। वहीं, पुलिस थाना बाप में वर्ष 2019 में जब्त 20 किलोग्राम डोडा पोस्त सबसे पुरानी जब्ती थी।


