जफराबाद स्टेशन पर डीआरएम को मिलीं खामियां:पेयजल व्यवस्था में कमी पर अधिकारियों को बर्खास्त करने की चेतावनी

जफराबाद स्टेशन पर डीआरएम को मिलीं खामियां:पेयजल व्यवस्था में कमी पर अधिकारियों को बर्खास्त करने की चेतावनी

जौनपुर के जफराबाद रेलवे स्टेशन का शुक्रवार को डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई व्यवस्था में कई खामियां मिलीं। डीआरएम ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि पेयजल आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो जिम्मेदार कर्मियों को बर्खास्त कर दिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान डीआरएम वर्मा ने विद्युत, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जब उन्होंने पेयजल व्यवस्था के बारे में पूछा, तो संबंधित अधिकारी ने बताया कि टोटियों में पानी आ रहा है। हालांकि, मौके पर पहुंचने पर टोटियों में पानी नहीं मिला, जिस पर डीआरएम भड़क गए। इसके बाद, वह संबंधित अधिकारियों के साथ पानी की टंकी के पास बने पंप रूम पहुंचे। वहां दरवाजे पर ताला लगा था और चाबी नहीं मिली। डीआरएम ने ताला तुड़वाकर अंदर देखा, जहां भी गड़बड़ी पाई गई। उन्होंने तत्काल अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सोमवार तक यदि पेयजल की व्यवस्था ठीक नहीं हुई, तो जिम्मेदार लोगों को बर्खास्त किया जाए। पहले 2 तस्वीरें देखिए… स्टेशन पर बने शौचालय में भी पानी की समस्या मिली और सैनिटरी बॉक्स में पैड नहीं थे। इस पर उन्होंने स्टेशन अधीक्षक सुनील कुमार को निर्देश दिया कि शाम तक सैनिटरी बॉक्स में पैड रखवाकर उन्हें फोटो भेजें। इसके अतिरिक्त, उन्होंने स्टेशन पर साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के लिए भी कहा। डीआरएम ने स्टेशन अधीक्षक सुनील कुमार से स्टेशन की खामियों को संबंधित विभाग को बताने के लिए कहा। जब अधीक्षक ने बताया कि संबंधित विभाग को पत्र लिखकर सूचित कर दिया गया है, तो डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को भी फटकार लगाई। स्टेशन पर मौजूद जनप्रतिनिधियों ने स्टेशन के आसपास की कमियों को बताया, जिस पर डीआरएम ने उनके निराकरण का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान एडीआरएम डी के यादव, सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी, ओ पी तिवारी, रजनीश श्रीवास्तव और टीआई पंकज कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *