देवास में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) एच. एन. बाथम, जिला परिवहन अधिकारी निशा चौहान और थाना प्रभारी (यातायात) पवन कुमार बागड़ी इसमें उपस्थित रहे। बैठक में देवास जिले के बस, मैजिक, ई-रिक्शा और ऑटो चालकों तथा संचालकों को बुलाया गया था। बैठक में सभी वाहन संचालकों और चालकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। बस चालकों और परिचालकों को निर्धारित वर्दी पहनने, शराब पीकर वाहन न चलाने, यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार न करने और सुरक्षित व अनुशासित तरीके से वाहन चलाने को कहा गया। सभी वाहनों के वैध दस्तावेज पूरे रखने और नियमानुसार ही परिवहन कार्य करने की सख्त हिदायत भी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने दोहराया कि आमजन की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और वे इसके लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। देवास पुलिस ने सभी वाहन संचालकों और चालकों से नियमों का पालन कर सहयोग करने की अपील की। चेतावनी दी गई कि नियमों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


