राजस्थान में जिंदा जला ड्राइवर: चीखों से दहला नेशनल हाइवे, ट्रेलर से टक्कर के बाद आग का गोला बना ट्रोला

राजस्थान में जिंदा जला ड्राइवर: चीखों से दहला नेशनल हाइवे, ट्रेलर से टक्कर के बाद आग का गोला बना ट्रोला

बहरोड़ (कोटपूतली): नेशनल हाइवे-48 पर रविवार देर रात एक ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसने चश्मदीदों की रूह कंपा दी। जैनपुरवास कट के पास एक ट्रेलर और ट्रोले के बीच हुई भीषण टक्कर के बाद ट्रोले में अचानक आग लग गई।

बता दें कि हादसा इतना जबरदस्त था कि केबिन में फंसे ड्राइवर को बाहर निकलने का एक पल भी मौका नहीं मिला और वह जिंदा जल गया। मृतक की पहचान रवि यादव के रूप में हुई है।

केबिन बना लोहे का पिंजरा, चीखता रहा चालक

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भिड़ंत होते ही ट्रोले के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और देखते ही देखते केबिन से धुएं का गुबार उठने लगा। कुछ ही सेकेंड में आग ने विकराल रूप ले लिया। ड्राइवर रवि यादव केबिन के मलबे में बुरी तरह फंस चुका था।

स्थानीय लोगों ने जान जोखिम में डालकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी ऊंची और गर्म थीं कि कोई पास नहीं जा सका। हाइवे पर मौजूद लोग बेबस खड़े रहे और चालक काफी देर तक मदद के लिए चीखता रहा, लेकिन अंततः आग की लपटों ने उसे लील लिया।

कई किलोमीटर तक लगा जाम

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ राख हो चुका था। इस हादसे के कारण दिल्ली-जयपुर हाईवे (NH-48) पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई किलोमीटर लंबे जाम को खुलवाने के लिए पुलिस को क्रेन की मदद लेनी पड़ी और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया।

लापरवाही या तेज रफ्तार? जांच शुरू

पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और रवि के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया गया है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है, जिसके बाद घर में कोहराम मचा हुआ है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *