बैंक कर्मियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल:फिरोजाबाद में कामकाज ठप, आगरा गेट पीएनबी शाखा पर जोरदार प्रदर्शन

बैंक कर्मियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल:फिरोजाबाद में कामकाज ठप, आगरा गेट पीएनबी शाखा पर जोरदार प्रदर्शन

फिरोजाबाद में मंगलवार को देशव्यापी एक दिवसीय बैंकिंग हड़ताल का व्यापक असर दिखाई दिया। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर जनपद के विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंकों के कर्मचारी हड़ताल पर रहे और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। बैंक कर्मियों ने आगरा गेट स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) शाखा पर धरना-प्रदर्शन किया। यूपी बैंक एम्प्लोयी यूनियन (UPBEU) के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान “आवाज़ दो, हम एक हैं” और “पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करो” जैसे नारे लगाए गए। पहले 2 तस्वीरें देखिए… यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि यह प्रदर्शन 27 जनवरी 2026 को राष्ट्रव्यापी एक दिवसीय बैंकिंग हड़ताल के तहत किया गया है। हड़ताल की मुख्य मांग पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह को लागू करना है। यूनियन नेताओं का कहना है कि लगातार बढ़ते कार्य-दबाव के कारण बैंक कर्मचारी मानसिक और शारीरिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं। पांच दिवसीय बैंकिंग प्रणाली लागू होने से कर्मचारियों पर कार्यभार कम होगा और ग्राहकों को भी बेहतर तथा गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकेंगी। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने बैंक कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया, तो आने वाले समय में देशव्यापी बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। इस धरना-प्रदर्शन के कारण जनपद की कई बैंक शाखाओं में लेन-देन और अन्य कार्य प्रभावित रहे, जिससे आम उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस प्रदर्शन में अशोक कुमार महेश्वरी (चेयरमैन, UPBEU), सुबोध गुप्ता (सेक्रेटरी, UPBEU) और मनीष यादव (सेक्रेटरी, PNBSA) सहित कई प्रमुख यूनियन नेता और बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *