US-Israel Attacks Iran: दुबई में इस समय हालात बेहद नाजुक बने हुए हैं। धमाकों और मिसाइलों की आवाज से लोग घरों में बंद हैं और देश में हाहाकार मचा हुआ हैं। ऐसे में ‘बिग बॉस ओटीटी 2’ और हाल ही में रियलिटी शो ‘द 50’ का हिस्सा रहीं बेबिका धुर्वे भी दुबई में ही हैं। उन्होंने ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच जारी युद्ध के हालातों पर एक वीडियो शेयर किया, जिसने भारतीय फैंस का गुस्सा भड़का दिया है। इस वीडियो में बेबिका ने दुबई की तुलना भारत की राजधानी दिल्ली से कर दी है, जिसके बाद लोग उन्हें ‘देशद्रोही’ तक कह रहे हैं।
एक्ट्रेस बेबिका धुर्वे का वीडियो हुआ वायरल (Bebika Dhurve video share safe In Dubai)
वायरल हो रहे वीडियो में बेबिका दुबई की सड़कों पर खड़ी नजर आ रही हैं। वह कहती हैं कि रात के 9 बजे उनके सिर के ऊपर से मिसाइलें गुजर रही हैं, युद्ध जैसा माहौल है, लेकिन फिर भी वह खुद को यहां सुरक्षित महसूस कर रही हैं। विवाद तब बढ़ा जब उन्होंने आगे कहा, “मैं दुबई में सुरक्षित महसूस कर रही हूं, लेकिन रात 9 बजे के बाद मैं दिल्ली की सड़कों पर खुद को सेफ महसूस नहीं कर सकती।”

बेबिका धुर्वे ने दुबई को दिल्ली से ज्यादा सुरक्षित बताया (US-Israel Attacks Iran)
बेबिका का यह वीडियो सामने आते ही इंटरनेट पर उन्हें खरी-खोटी सुनाने वालों की बाढ़ आ गई। हालांकि, विवाद बढ़ता देख यह वीडियो उनके अकाउंट से तो हटा दिया गया है, लेकिन इसके स्क्रीन रिकॉर्डिंग क्लिप्स हर जगह वायरल हैं। लोग उनकी जमकर क्लास लगा रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट किया, “पैसे कमाने और काम मांगने के लिए तो इंडिया याद आता है, लेकिन तारीफ हमेशा बाहर की करनी है।” वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, “अगर दुबई इतना ही सेफ है तो अब वापस इंडिया मत आना, वहीं रहो।” लोगों का कहना है कि युद्ध क्षेत्र की तुलना अपने ही देश के सुरक्षित शहर से करना बेहद शर्मनाक है।
कौन हैं बेबिका धुर्वे? (Who is Bebika Dhurve)
बेबिका धुर्वे एक मल्टी-टैलेंटेड पर्सनालिटी हैं। वह पेशे से एक डेंटिस्ट (डॉक्टर) होने के साथ-साथ एक्ट्रेस और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी हैं। उन्होंने अपनी एक्टिंग करियर की शुरुआत जी टीवी के फेमस शो ‘भाग्य लक्ष्मी’ से की थी। साल 2020 में वह ‘मिस इंडिया’ के टॉप 15 में भी शामिल रही थीं। हालांकि, उन्हें असली पहचान सलमान खान के शो ‘बिग बॉस ओटीटी 2’ से मिली, जहां वह अपने बेबाक और अक्सर झगड़ालू स्वभाव के लिए जानी गईं। बेबिका के पिता जनार्दन धुर्वे भी एक बड़ी हस्ती हैं। वह देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं और कई बार ‘बिग बॉस’ के घर में जाकर कंटेस्टेंट्स का भविष्य बता चुके हैं।
दुबई में फंसे है कई भारतीय
बता दें कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव की वजह से दुबई में कई भारतीय सितारे फंसे हुए हैं। जहां लारा दत्ता जैसी अभिनेत्रियों ने वहां के डरावने माहौल और धमाकों की आवाज पर चिंता जताई है, वहीं बेबिका का यह तुलनात्मक बयान उनके लिए जी का जंजाल बन गया है। अब देखना यह है कि भारत लौटने पर बेबिका इस विवाद पर क्या सफाई देती हैं।


