Pakistan Man Found Guilty Of Plot To Kill Donald Trump: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अन्य अधिकारियों की हत्या की साजिश रचने पर अमेरिकी अदालत ने पाकिस्तानी नागरिक आसिफ रजा मर्चेंट को दोषी ठहराया गया है। अभियोजकों के मुताबिक, ईरान से संबंध रखने वाले इस व्यक्ति ने यह साजिश अमेरिकी सेना द्वारा रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के कमांडर कासिम सुलेमानी की हत्या के प्रतिशोध (बदले) के रूप में रची थी। मर्चेंट को 12 जुलाई 2024 को उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब वह अमेरिका छोड़कर जाने की योजना बना रहा था।
उल्लेखनीय है कि ईरान के विदेशी सैन्य अभियानों के प्रमुख रहे कासिम सुलेमानी की जनवरी 2020 में बगदाद में एक अमेरिकी ड्रोन हमले में मौत हो गई थी। इसके बाद से ईरानी अधिकारी लगातार उनकी हत्या का बदला लेने की चेतावनी देते रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, आसिफ रजा मर्चेंट ने अमेरिका में किसी राजनेता या सरकारी अधिकारी की हत्या के लिए एक ‘सुपारी किलर’ को हायर करने की कोशिश की थी। यह मामला न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन स्थित संघीय अदालत में चला, जहां इस साजिश से जुड़े पुख्ता सबूत पेश किए गए।
‘साजिश रचने के लिए किया गया था मजबूर’
अमेरिकी अदालत में सुनवाई के दौरान बुधवार को आसिफ रजा मर्चेंट ने दावा किया था कि उसे इस साजिश के लिए मजबूर किया गया था, ताकि वह तेहरान में रह रहे अपने परिवार को रिवोल्यूशनरी गार्ड्स से बचा सके।
उसने यह भी तर्क दिया कि उसे किसी विशिष्ट व्यक्ति की हत्या का सीधा आदेश नहीं दिया गया था। हालांकि, उसके ईरानी संपर्कों ने इस साजिश के संदर्भ में तीन प्रमुख नामों का उल्लेख किया था- डोनाल्ड ट्रंप, तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडेन और पूर्व यूएन एम्बेस्डर निकी हेली।
यह मुकदमा ऐसे समय में हुआ है जब मध्य पूर्व में तनाव चरम पर है। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष जारी है। हालिया घटनाक्रमों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबरें भी चर्चा में हैं।


