मऊ जिले में पशुओं को खुरपका-मुंहपका रोग से बचाने के लिए गुरुवार को टीकाकरण अभियान शुरू किया गया। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने जिला कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पशु चिकित्सक डॉ. पवन कुमार ने बताया कि खुरपका-मुंहपका रोग (फुट एंड माउथ डिजीज – FMD) एक अत्यंत संक्रामक बीमारी है। इसके प्रमुख लक्षणों में पशुओं को तेज बुखार आना, मुँह और खुरों में छाले पड़ना, जो बाद में घाव का रूप ले लेते हैं, मुँह से अधिक लार टपकना, लंगड़ाकर चलना तथा खाने-पीने में कठिनाई होना शामिल है। इस रोग से पशु सुस्त हो जाते हैं और दूध व मांस उत्पादन में भारी गिरावट आती है। विशेष रूप से छोटे पशुओं जैसे बछड़ों और मेमनों के लिए यह रोग जानलेवा भी साबित हो सकता है। डॉ. पवन कुमार ने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने सभी पशुओं का निशुल्क टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि इस गंभीर बीमारी से पशुधन को सुरक्षित रखा जा सके। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने कहा कि टीकाकरण ही इस रोग से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है और जनपद में अभियान के तहत अधिक से अधिक पशुओं को आच्छादित किया जाएगा।


