उन्नाव में डीएम ने सुनी उद्यमियों की समस्याएं:उद्योग बंधु की बैठक में बिजली, सड़क पानी की शिकायत, निस्तारण के निर्देश

उन्नाव में डीएम ने सुनी उद्यमियों की समस्याएं:उद्योग बंधु की बैठक में बिजली, सड़क पानी की शिकायत, निस्तारण के निर्देश

उन्नाव कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में उद्योग बंधु की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के उद्यमियों की समस्याओं और औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। उद्यमियों ने बिजली, पानी, सड़क, अतिक्रमण, निवेश मित्र पोर्टल के लंबित प्रकरण, औद्योगिक क्षेत्रों के विकास, सड़क चौड़ीकरण और नाली निर्माण से संबंधित कई समस्याएं उठाईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से प्रत्येक प्रकरण पर जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि उद्योग बंधुओं की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान, जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को बंथर आजाद मार्ग पर अंडरपास निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर लखनऊ स्थित एनएचएआई को भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने दही चौकी, नवाबगंज और त्रिभुवन खेड़ा क्षेत्र के ब्लैक स्पॉट सुधार कार्य के लिए शासन से स्वीकृत 130 करोड़ रुपये की परियोजना को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का आश्वासन भी दिया। जिलाधिकारी ने इब्राहिम एस्टेट और नेहरू बाग औद्योगिक क्षेत्र में सड़क, नाला, स्ट्रीट लाइट और विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए उपायुक्त उद्योग और केडीए सचिव को संयुक्त सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र के समग्र विकास के लिए केडीए को पत्र भेजकर आवश्यक कार्यवाही कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त, औद्योगिक क्षेत्र दही चौकी साइट-2 की सड़क नंबर पांच में जल निकासी व्यवस्था सुधारने और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग को कार्यदायी संस्था नामित करने हेतु प्रस्ताव मुख्यालय भेजने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में मेसर्स सेफी बायो फील्ड एवं सेमडे इंफ्राटेक लिमिटेड द्वारा यूपीसीडा साइट नंबर-1 से सिमडे सिटी तक मार्ग निर्माण, मगरवारा स्थित धर्म कांटा के सामने क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत, औद्योगिक क्षेत्र में नई सड़क निर्माण मिनी सचिवालय चांदपुर तक सड़क चौड़ीकरण तथा एचपी गैस प्लांट के बाहर गैस टैंकर खड़े होने से उत्पन्न यातायात समस्या जैसे मुद्दों पर भी गंभीरता से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सभी मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *