सीतापुर में जिलाधिकारी राजागणपति आर ने मंगलवार को बिसवां स्थित प्राथमिक विद्यालय मझिगवाँ नसीरपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय में संचालित आंगनबाड़ी केन्द्र में वीएचएसएनडी सत्र के समय केन्द्र कक्ष बन्द पाया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित एएनएम प्रतिभा राजवंशी का 15 दिन का वेतन रोके जाने तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्री अंकिता एवं आशा कार्यकर्ता की सेवा समाप्ति का नोटिस जारी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण कर शैक्षिक एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बच्चों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने खण्ड शिक्षा अधिकारी से दूरभाष के माध्यम से वार्ता कर कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी से भी फोन पर बात कर विद्यालय की समस्त व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय दो शिक्षामित्र अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उनका एक दिन का वेतन रोके जाने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने विद्यालय में बच्चों को दिए जा रहे मिड-डे-मील की गुणवत्ता की भी जांच की। भोजन की गुणवत्ता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं बच्चों की यूनिफार्म और जूते सही स्थिति में न पाए जाने पर भी उन्होंने असंतोष व्यक्त किया। इसके अलावा निपुण तालिका रजिस्टर का अवलोकन करते हुए सहायक अध्यापक अमित कुमार वर्मा को शैक्षणिक कार्यों में सुधार लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जो बच्चे नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित नहीं हैं, उनके अभिभावकों से संपर्क स्थापित कर उन्हें विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 सुरेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


