मंडलायुक्त राजेश कुमार ने सिरौलीगौसपुर का निरीक्षण किया:ब्लॉक व तहसील की प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया

मंडलायुक्त राजेश कुमार ने सिरौलीगौसपुर का निरीक्षण किया:ब्लॉक व तहसील की प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया

अयोध्या मंडल के मंडलायुक्त राजेश कुमार ने सिरौलीगौसपुर ब्लॉक और तहसील का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया, विभिन्न कार्यालयों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने ब्लॉक परिसर में वृक्षारोपण भी किया। ब्लॉक पहुंचने पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और खंड विकास अधिकारी संजीव गुप्ता सहित अन्य अधिकारियों ने मंडलायुक्त का स्वागत किया। इसके बाद मंडलायुक्त ने बीडीओ कक्ष में बैठक की और विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने आवास पटल का निरीक्षण किया, जहां मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री आवास योजनाओं की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित पत्रावलियों की जांच की। मंडलायुक्त ने एडीओ कृषि, समाज कल्याण कार्यालयों और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़े अभिलेखों का भी अवलोकन किया। मनरेगा कक्ष में अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी रेनू रावत से कार्यों और भुगतान की स्थिति के बारे में जानकारी ली गई। मंडलायुक्त ने ब्लॉक परिसर में स्थित प्रेरणा कैंटीन का भी निरीक्षण किया और संचालक आरती गुप्ता से बिक्री व लाभ के संबंध में चर्चा की। इसके बाद मंडलायुक्त का काफिला तहसील पहुंचा, जहां ज्वाइंट मजिस्ट्रेट तेजस, तहसीलदार बालेन्दु भूषण वर्मा और नायब तहसीलदार अन्नू सिंह ने उनका स्वागत किया। उन्होंने तहसीलदार कोर्ट, एसडीएम कोर्ट, नायब कोर्ट और लेखाकार कार्यालय का निरीक्षण किया। मंडलायुक्त ने अभिलेखों और पत्रावलियों के रखरखाव की सराहना की और परिसर स्थित तालाब के सौंदर्यीकरण के निर्देश भी दिए। पत्रकारों से बातचीत में मंडलायुक्त राजेश कुमार ने बताया कि मुकदमों का निस्तारण प्रभावी ढंग से हो रहा है और ब्लॉक-तहसील के कार्यों में बेहतर समन्वय दिख रहा है। उन्होंने जनता की समस्याएं भी सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *