सिद्धार्थनगर में जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न:विभिन्न विकासखंडों के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विजेताओं को मिला सम्मान

सिद्धार्थनगर में जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न:विभिन्न विकासखंडों के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विजेताओं को मिला सम्मान

सिद्धार्थनगर के जिला खेल स्टेडियम में ‘मेरा युवा भारत’ के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। जिला युवा अधिकारी अनुराग यादव के निर्देश पर आयोजित इस प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विकासखंडों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में आपदा विशेषज्ञ पुष्पांजलि सिंह मुख्य अतिथि रहीं, जबकि जिला युवा अधिकारी अनुराग यादव ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। विशिष्ट अतिथियों में नेपाल से समाजसेवी विशाल यादव, समाजसेवी रमेश वर्मा, अधिवक्ता विनोद यादव और विराट सेवा संस्थान के अध्यक्ष मनोज यादव शामिल थे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को अनुशासन, समर्पण और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। दो दिवसीय प्रतियोगिता में कई खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं। बालिका वर्ग की समग्र प्रतियोगिता में शोहरतगढ़ विकासखंड विजेता रहा, जबकि बांसी विकासखंड उपविजेता बना। बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में मोनिका विश्वकर्मा ने प्रथम, अनुज्ञा चतुर्वेदी ने द्वितीय और सपना यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ में रवि यादव प्रथम, विष्णु शर्मा द्वितीय और इंसान पांडे तृतीय स्थान पर रहे। वॉलीबॉल बालक वर्ग का खिताब नौगढ़ विकासखंड ने जीता, जबकि शोहरतगढ़ विकासखंड उपविजेता रहा। बैडमिंटन बालिका वर्ग में सपना यादव ने प्रथम, संध्या ने द्वितीय और आशा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लंबी कूद बालक वर्ग में आर्य राव प्रथम, वेद प्रकाश द्वितीय और शिवशरण तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग की लंबी कूद में उजाला प्रथम, अनुज्ञा चतुर्वेदी द्वितीय और सपना यादव तृतीय स्थान पर रहीं। इस अवसर पर शोहरतगढ़ के समाजसेवी अजय गुप्ता, नौगढ़ ब्लॉक से सनूप कुमार, लोटन ब्लॉक से अखिलेश यादव, बांसी ब्लॉक से सनोज यादव सहित दिनेश यादव, सपना यादव, मोनिका विश्वकर्मा, रवि यादव, संध्या सैनी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी व खेल प्रेमी उपस्थित रहे। समारोह के अंत में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *