उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ द्वारा जारी प्लान के तहत जनवरी माह में चलाए जा रहे विधिक जागरूकता अभियानों के क्रम में मेरठ के माधवपुरम, दिल्ली रोड पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन रमेश कुशवाह अपर जिला जज/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मेरठ के द्वारा किया गया। इस शिविर में उन्होंने ऑडियो माध्यम से आमजन को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी। सुनील दत्त ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करता है। उन्होंने कहा कि त्वरित, सस्ता और सुलभ न्याय प्राप्त करना प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है। किसी भी न्यायालय या विभागीय मामले को सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारित कराने के लिए आवेदन देकर अंतिम आदेश व निर्णय प्राप्त किया जा सकता है, जिससे वर्षों से लंबित मामलों से स्थायी राहत मिलती है। कहां क्या समाधान सभी जानकारी दी
शिविर में यह भी जानकारी दी गई कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से शमनीय वाद, स्टांप वाद, राजस्व वाद, बैंक ऋण वसूली, भूमि अधिग्रहण, उपभोक्ता फोरम, वैवाहिक व पारिवारिक विवाद, टैक्स, बिजली चोरी, चेक बाउंस, धारा 138 एनआई एक्ट, चालान, श्रम विवाद, जलकर वाद, अभिवाक सौदेबाजी से जुड़े दंड वाद तथा प्री-लिटिगेशन के अंतर्गत आने वाले मामलों का समाधान कराया जा सकता है।
इस दौरान कई लोगों ने अपनी समस्याएं भी साझा कीं। शिविर को सफल बनाने में राम सिंह चाय वाले, समाजसेवी शफीक अब्बासी, बबली सहित अन्य गणमान्य लोगों का सहयोग रहा।


