उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार मैनपुरी में विश्व कुष्ठ रोग दिवस के अवसर पर एक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मैनपुरी की सचिव सुश्री प्रीती गिरी ने कुरावली के ग्राम आठपुर में इस शिविर का संचालन किया। शिविर में उपस्थित लोगों को कुष्ठ रोग (हैनसेन रोग) के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि यह माइकोबैक्टीरियम लेप्री जीवाणु के कारण होने वाला एक धीमा संक्रामक रोग है, जो त्वचा, नसों, आंखों और श्वसन नली को प्रभावित करता है। यह रोग शारीरिक संपर्क से नहीं, बल्कि लंबे समय तक निकट संपर्क में रहने से फैलता है। सचिव ने बताया कि समय पर बहू-औषधि चिकित्सा (MDT) द्वारा इसका पूर्ण इलाज संभव है और यह पूरी तरह से ठीक हो जाता है। विशेष रूप से भारत में सरकारी अस्पतालों में इसका मुफ्त इलाज उपलब्ध है। शिविर में कुष्ठ रोग के लक्षण, कारण, संचरण, उपचार, प्रबंधन और बचाव के उपायों पर भी चर्चा की गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मैनपुरी की सचिव ने यह भी बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 22 फरवरी, 2026 को जनपद मैनपुरी में एक बृहद/मेगा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में जनपद के लगभग 43 विभाग भाग लेंगे। इस मेगा शिविर का उद्देश्य लाभार्थियों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का त्वरित लाभ प्रदान करना है। इसके अतिरिक्त, शिविर में दहेज एक्ट, घरेलू हिंसा, पॉक्सो एक्ट, पॉश एक्ट, जे.जे. एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, गर्भ का चिकित्सीय समापन अधिनियम, 1971 जैसे विभिन्न कानूनों के बारे में भी लोगों को जानकारी दी जाएगी। महिलाओं के गिरफ्तारी से संबंधित अधिकार, पूर्व गर्भाधान और प्रसव पूर्व निदान तकनीक अधिनियम 1994, तथा विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम 1987 की धारा 12 के अंतर्गत महिलाओं के अधिकारों पर भी प्रकाश डाला जाएगा।


