खैरथल में राजस्थान पटवार संघ की जिला कार्यकारिणी ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। संघ ने गिरदावरी कार्य और सातवीं लघु सिंचाई गणना में आ रही तकनीकी व प्रशासनिक दिक्कतों को दूर करने की मांग की है। पटवार संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि राज गिरदावरी ऐप सुचारु रूप से काम नहीं कर रहा है। ऐप में तकनीकी खामियों के कारण फील्ड स्तर पर काम करना मुश्किल हो गया है, जिससे समय पर गिरदावरी प्रभावित हो रही है। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने इन समस्याओं को राज्य सरकार तक पहुंचाने और जल्द समाधान का आश्वासन दिया है। संघ ने सातवीं लघु सिंचाई गणना के संबंध में भी अपनी चिंताएं व्यक्त कीं। उन्होंने बताया कि जिले में यह गणना प्रक्रियाधीन है, लेकिन पूर्व में पटवारियों को एसआईआर, वार्ड परिसीमन, ग्रामीण समस्या समाधान शिविर और फार्मर आईडी जैसे अन्य कार्यों में लगाए जाने के कारण इसकी गति धीमी रही। पटवार संघ का कहना है कि वर्तमान में खसरा गिरदावरी का कार्य भी चल रहा है, जिसे ऐप के माध्यम से निर्धारित समय में पूरा करना अनिवार्य है। ऐसे में, डीसीएस खसरा गिरदावरी पूरी होने के बाद ही सातवीं लघु सिंचाई गणना कराना व्यावहारिक होगा। इसी कारण संघ ने गणना कार्य में शिथिलता देने की मांग की है। ओटीपी से लॉगिन की मांग संघ ने गिरदावरी ऐप में कई प्रमुख सुधारों की मांग की है। इनमें ऐप का सुचारु संचालन सुनिश्चित करना, एक ही डिवाइस की बाध्यता हटाकर ओटीपी आधारित लॉगिन व्यवस्था लागू करना, और किसान द्वारा 25% गिरदावरी की अनिवार्यता समाप्त करना शामिल है। लोकेशन सीमा बढ़ाने की मांग अन्य मांगों में मैट्रिक टन में उत्पादन दर्ज करने की बाध्यता खत्म करना, लोकेशन सीमा 20 मीटर से बढ़ाकर 50 मीटर करना, और कोहरा या खराब मौसम में ली गई फोटो के कारण गिरदावरी निरस्त न होने का प्रावधान शामिल है। इसके अलावा, संघ ने नक्शे में प्रदर्शित नहीं होने वाले गांवों व दुर्गम क्षेत्रों में गिरदावरी की बाध्यता हटाने, प्रत्येक स्तर पर एडिट/संशोधन का विकल्प देने, सर्वेयर व पटवारियों का भुगतान समय पर करने, और गिरदावरी अवधि में पटवारियों से राजस्व के अलावा अन्य कार्य न कराने की मांग भी की है। पूर्ण हो चुके खसरों को नक्शे में अलग रंग से दिखाने की सुविधा भी मांगी गई है। ये लोग रहे मौजूद ज्ञापन सौंपते समय जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष राहुल यादव, जिला उपाध्यक्ष दीपक धवन, जिला मंत्री ललित कुमार सहित अरुण यादव, बहादुर सिंह, सरजीत यादव, रूपचंद डागुर, संदीप मिश्रा, वीरसिंह, दीपक चौधरी, कमलजीत और जिला मीडिया प्रभारी प्रेमपाल मौजूद


