जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने बुधवार को 70 चिकित्सा केंद्रों के भूमि पट्टे संबंधित अधिकारियों को सौंपे। इनमें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) शामिल हैं। अतिरिक्त जिला कलेक्टर मोहन लाल खटनावलिया ने बताया कि जिला कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य संस्थानों की भूमि के पट्टे जारी करने की प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जा रही है। इससे पहले जिले के 13 चिकित्सा संस्थानों और कार्यालयों को पट्टे दिए जा चुके थे। बुधवार को जारी किए गए ये 70 पट्टे इसी क्रम का हिस्सा हैं। इन पट्टों के मिलने से स्वास्थ्य संस्थानों के भवन निर्माण, उन्नयन और विस्तार कार्यों में आने वाली कानूनी या प्रशासनिक बाधाएं समाप्त हो जाएंगी। इससे भविष्य में स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास को गति मिलेगी और आमजन को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने यह भी बताया कि जिला कलेक्टर के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा भूमि आवंटन के साथ-साथ पट्टे जारी करने का कार्य लगातार प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।


