क्या पंजाब की सियासत में एक बार फिर ठोको ताली गूंजने वाली है? क्या पूर्व क्रिकेटर व कांग्रेस के पूर्व पंजाब अध्यक्ष नवजोत सिद्धू 2027 के चुनावों के लिए अपनी नई पिच तैयार कर रहे हैं? ये सवाल इसलिए उठ रहे हैं क्योंकि सोशल मीडिया पर सिद्धू की बढ़ती सक्रियता कुछ बड़े संकेत दे रही है। हाल ही में सिद्धू की पत्नी, डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने दिल्ली की 9 साल पुरानी भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी का दामन थाम कर सबको चौंका दिया था। लेकिन अब सबकी निगाहें नवजोत सिंह सिद्धू पर हैं। पिछले कुछ दिनों से सिद्धू सोशल मीडिया पर लगातार ऐसे वीडियो साझा कर रहे हैं, जिनमें वे आम जनता के बीच नजर आ रहे हैं। चाय की चुस्कियों से सियासी संदेश की अटकलें तेज सिद्धू ने आज ही अमृतसर के मशहूर ज्ञानी टी स्टॉल का एक वीडियो दोबारा साझा किया है। इस वीडियो में वे न केवल अपने दोस्तों के साथ चाय की चुस्कियां लेते दिख रहे हैं, बल्कि वहां मौजूद आम लोगों और प्रशंसकों के साथ घुल-मिल रहे हैं और तस्वीरें खिंचवा रहे हैं। लोगों का मानना है कि यह महज एक इत्तेफाक नहीं, बल्कि जनता की नब्ज टटोलने की एक कोशिश है। कांग्रेस से दूरी और राजनीतिक भविष्य पर सवाल गौरतलब है कि कुछ समय पहले चंडीगढ़ में डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने एक बड़ा बयान दिया था। उन्होंने दावा किया था कि सिद्धू फिलहाल किसी भी पार्टी में नहीं हैं। 2022 के बाद से कांग्रेस ने उन्हें किसी भी काम या मीटिंग के लिए नहीं बुलाया है। 2027 चुनाव को लेकर नए सियासी समीकरणों की चर्चा कांग्रेस से इस दूरी और सोशल मीडिया पर बढ़ती इस नजदीकी ने सियासी गलियारों में चर्चा तेज कर दी है। क्या सिद्धू अपनी पत्नी के नक्शेकदम पर चलेंगे? क्या 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों में हमें सिद्धू का एक नया अवतार देखने को मिलेगा? सिद्धू की ये ‘चाय पर चर्चा’ उन्हें सियासत के किस मोड़ पर ले जाती है, यह देखना दिलचस्प होगा।


