सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के कामती रेंज क्षेत्र में देनवा नदी के कोर इलाके में अवैध मछली पकड़ने को लेकर विवाद सामने आया है। आरोप है कि मछली पकड़ने से रोकने पर कुछ युवकों ने वनकर्मी को धमकी दी और उसकी बाइक में तोड़फोड़ कर दी। बाद में समझौते का दबाव बनाने के लिए एक दुकानदार के साथ बेल्ट से मारपीट कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया है। अवैध रूप से मछली पकड़ने से शुरू हुआ विवाद वन परिक्षेत्र कामती में पदस्थ वनरक्षक जितेंद्र नायर इस समय सोनभद्रा मेल जल बीट में तैनात हैं और नाव से क्षेत्र में गश्त करते हैं। देनवा नदी के आसपास घना जंगल होने के कारण कई बार आसपास के गांवों के लोग कोर क्षेत्र में घुसकर अवैध रूप से मछली पकड़ने की कोशिश करते हैं। इसे रोकने के लिए वन विभाग की टीम नियमित रूप से निगरानी करती है। 2 मार्च को वनरक्षक अपनी बाइक देनवा नदी किनारे मोटर बोट खड़ी करने वाली जगह पर रखकर सोनभद्रा मेल कैंप चले गए थे। 4 मार्च को जब वह वापस लौटे तो उनकी बाइक क्षतिग्रस्त हालत में मिली। आसपास के लोगों से पूछताछ में संदेह सोहागपुर निवासी संदीप कुशवाहा और राहुल कहार पर गया। मछली पकड़ने से मना करने पर दी धमकी बताया गया कि दोनों युवक पहले भी कोर क्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने आते रहे हैं। वनकर्मी द्वारा रोकने पर उन्होंने नाराजगी जताई। आरोप है कि दोनों ने बाइक में तोड़फोड़ की और वनकर्मी को गाली-गलौज करते हुए जंगल में जिंदा गाड़ देने की धमकी भी दी। पहले भी दर्ज हो चुका है वन अपराध का मामला वन विभाग के अनुसार संबंधित युवकों के खिलाफ पहले भी बफर क्षेत्र में अवैध प्रवेश कर मछली पकड़ने का वन अपराध प्रकरण दर्ज किया जा चुका है। हाल ही में वन विभाग की टीम ने उनके खिलाफ कार्रवाई भी की थी। वनकर्मी की शिकायत के बाद आरोपियों ने समझौता कराने के लिए एक दुकानदार को निशाना बनाया। सोहागपुर में मोटर बाइंडिंग का काम करने वाले मयंक मीणा ने बताया कि वनरक्षक उसका परिचित है और उसका दुकान पर आना-जाना रहता है। बेल्ट से पीटा, कंधे और सिर में आई चोट मयंक के अनुसार 8 मार्च की शाम करीब साढ़े सात बजे वह रेलवे स्टेशन रोड पर एक दुकान के पास खड़ा था। तभी बाइक से शंकर बंगाली और संदीप कुशवाहा वहां पहुंचे और शिकायत में समझौता कराने की बात कहने लगे। मना करने पर दोनों भड़क गए। आरोप है कि संदीप ने उसे पकड़ लिया और शंकर बंगाली ने बेल्ट से मारपीट कर दी, जिससे उसे कंधे और सिर के पीछे चोट आई। पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी मयंक मीणा ने मंगलवार को थाने पहुंचकर दोनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में एसडीओपी संजू चौहान ने बताया कि मारपीट के मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है। वहीं वनकर्मी की बाइक में तोड़फोड़ और धमकी देने की शिकायत की भी पुलिस जांच कर रही है।


