दुर्ग में स्कूल नेशनल-कबड्डी प्रतियोगिता…खाने में दिखी अव्यवस्थाएं:खिलाड़ी बोले- पेट तक नहीं भरा, इससे अच्छा बाहर खा लेते, संयोजक बोले- लाइन तो लगानी पड़ेगी

दुर्ग में स्कूल नेशनल-कबड्डी प्रतियोगिता…खाने में दिखी अव्यवस्थाएं:खिलाड़ी बोले- पेट तक नहीं भरा, इससे अच्छा बाहर खा लेते, संयोजक बोले- लाइन तो लगानी पड़ेगी

दुर्ग जिले में 69वीं राष्ट्रीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता के पहले ही दिन व्यवस्थाओं को लेकर दूसरे राज्यों के खिलाड़ी और ऑफिशियल नाराज दिखे। प्रतियोगिता में भाग लेने आए दूसरे राज्यों के खिलाड़ियों और ऑफिशियल्स ने खाने की व्यवस्था पर नाराजगी जताई है। खिलाड़ियों का आरोप है कि भोजन की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था इतनी खराब थी कि पेट तक नहीं भरा। वहीं ऑफिशियल की ओर से वीडियो भी बनाया गया है, इसमें खिलाड़ी साफ कहते नजर आ रहे हैं कि इससे अच्छा तो वे बाहर से ही खा लेते। दरअसल, दुर्ग में राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता (आयु वर्ग 14 वर्ष बालक) का आयोजन 6 जनवरी से 9 जनवरी 2026 तक आयोजित की जा रही है। यह खेल भिलाई नायर समाजम हायर सेकेंडरी स्कूल और सेक्टर-1 स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड में खेले जा रहे हैं। देशभर के 29 राज्यों से आए 329 खिलाड़ी और 87 ऑफिशियल्स इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। सुबह खाने का एक ही काउंटर, दोपहर में एक बढ़ाया बताया जा रहा है कि, सुबह उद्घाटन समारोह से पहले जब खिलाड़ी और ऑफिशियल नाश्ता करने सेक्टर-6 स्थित गुरुनानक स्कूल पहुंचे तो एक ही काउंटर था। सुबह के नाश्ते में दूध और ब्रेड दिए जाने थे, लेकिन अधिकांश खिलाड़ियों को दूध ही नहीं मिला। खिलाड़ियों को 15 से 20 मिनट तक लंबी लाइन में खड़े होकर इंतजार करना पड़ा। नाश्ते के लिए केवल एक ही काउंटर था। जिससे अव्यवस्था की स्थिति बन गई। खिलाड़ियों का कहना है कि इतनी खराब व्यवस्था थी कि इससे अच्छा तो बाहर खाना खा लेते। आवास को लेकर भी जता रहे नाराजगी नाराजगी सिर्फ खाने तक सीमित नहीं रही। ऑफिशियल ने यह भी बताया कि, आवास की भी व्यवस्था बेहतर नहीं है। वहीं बैठकर खाने के भी कोई इंतजाम नहीं हैं। नेशनल स्तर के खिलाड़ी नीचे दरी पर बैठकर खाना खाते नजर आए। दूसरे राज्यों से आए ऑफिशियल्स ने भी खाने से लेकर रहने तक की व्यवस्थाओं पर असंतोष जताया है। हालांकि उद्घाटन समारोह के बाद दोपहर के भोजन की व्यवस्था में कुछ बदलाव किए गए। स्टाफ के लिए अलग काउंटर बनाया गया और उनके लिए बैठने की भी व्यवस्था की गई। विभाग ने कहा- जो व्यवस्था है उसमें लाइन में तो लगना पड़ेगा इन सब आरोपों के जवाब में दुर्ग संभाग की सहायक संचालक (खेल) कल्पना स्वामी ने कहा कि, खाने के मीनू में चार ब्रेड की स्लाइस, जेम, दूध और केला हमने दिया है। हमने पोहा भी रखा है। आज पहला दिन था तो एक काउंटर लगाया था। इसलिए उनको लाइन से लेना था ऑफिशियल को भी, तो सबको लगता है कि हम लाइन से क्यों ले, आगे जाकर लें। लेकिन कुछ व्यवस्था होती है उसको करना पड़ता है। इसी व्यवस्था को लेकर वो कह रहे हैं। हम जैसी व्यवस्था रखे हैं वैसे ही आपको लाइन से आना पड़ेगा। अगर हम लाइन की व्यवस्था नहीं रखेंगे तो बच्चे सारे हड़बड़ी करेंगे, तो फिर धक्का-मुक्की में किसी को चोट लग जाएगी तो बड़ी बात हो जाएगी। हम तो मीनू के हिसाब से सब कुछ दे रहे हैं। देशभर के खिलाड़ियों की व्यवस्था के लिए बनी टीम स्कूल शिक्षा विभाग दुर्ग की ओर से नेशनल खिलाड़ियों के लिए व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चलाने के लिए दुर्ग संभाग के 136 व्यायाम शिक्षक और अधिकारी की ड्यूटी लगाई गई है। स्कूल शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ के 45 अधिकारी भी पहुंचे हुए हैं। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव शामिल हुए, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर दुर्ग सांसद विजय बघेल मौजूद रहे। भिलाई नगर निगम के महापौर नीरज पाल और भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव को भी आमंत्रित किया गया था, लेकिन वे कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *