चल गया ‘डिस्काउंट’ फार्मूला, रोजाना 400 सैलानियों की दस्तक

चल गया ‘डिस्काउंट’ फार्मूला, रोजाना 400 सैलानियों की दस्तक

पर्यटन पर आधारित अर्थव्यवस्था वाले जैसलमेर से लेकर सम के धोरों तक में इस बार अपनाया गया डिस्काउंट फार्मूला कारगर साबित हो रहा है। ऑफ-सीजन की चुनौती से निपटने के लिए होटल व्यवसायियों और पर्यटन से जुड़े हितधारकों की ओर से शुरू की गई रियायती दरों की योजना ने सैलानियों को आकर्षित किया है। इसका असर यह है कि वर्तमान में प्रतिदिन करीब 350 से 400 पर्यटक शहर पहुंच रहे हैं, जिससे पर्यटन क्षेत्र में लगातार रौनक बनी हुई है। मार्च के दूसरे पखवाड़े से शुरू हुआ यह ट्रेंड अप्रेल माह में भी लगातार बना हुआ है। होटल, गेस्ट हाउस और रिसॉट्र्स में 30 से 50 प्रतिशत तक की छूट देने के साथ-साथ टूर पैकेज भी सस्ते किए गए हैं। इससे घरेलू पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली है। खासकर वीकेंड और सरकारी छुट्टियों के दौरान पर्यटकों की संख्या में और इजाफा देखा जा रहा है।

तो अब तक सीजन ऑफ नहीं

पर्यटन व्यवसायियों का कहना है कि हर बार होली के बाद सैलानियों की आवक में कमी के कारण कारोबार प्रभावित होना तय माना जाता है, लेकिन समर सीजन डिस्काउंट स्कीम ने स्थिति को संभाल लिया है। अब होटल और रिसोट्र्स में ऑक्यूपेंसी 40 से 60 प्रतिशत तक पहुंच रही है, जो ऑफ-सीजन के लिहाज से अच्छा संकेत माना जा रहा है।

पर्यटन से जुड़े हर क्षेत्र को राहत

सैलानियों की बढ़ती संख्या का असर केवल होटलों और रिसोट्र्स तक सीमित नहीं है, बल्कि टैक्सी चालक, टूर गाइड, हस्तशिल्प विक्रेता और स्थानीय बाजार भी इससे लाभान्वित हो रहे हैं। गाइडों का कहना है कि पहले जहां दिनभर में एक-दो ही बुकिंग मिलती थी, अब लगातार पर्यटक मिल रहे हैं। वहीं बाजारों में भी खरीदारी बढऩे से व्यापारियों के चेहरे खिले नजर आ रहे हैं।

मौसम ने बढ़ाया आकर्षण

– इस समय मौसम भी सैलानियों के लिए अनुकूल बना हुआ है। लगातार आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के चलते पारा चढ़ नहीं पा रहा है और दिन में भी शीतल हवाओं ने गर्माहट को थाम रखा है तो सुबह-शाम सुहावना वातावरण पर्यटकों को घूमने के लिए प्रेरित कर रहा है।

– सूर्यास्त के समय प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में सैलानी नजर आ रहे हैं, जो इस मौसम का आनंद ले रहे हैं।

– पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो अप्रेल माह के अंत तक अच्छी आवक जारी रह सकती है।

– इसके बाद तापमान बढऩे के साथ पर्यटकों की संख्या में गिरावट आ सकती है। ऐसे में व्यवसायी अब आगे के लिए भी नई रणनीतियों पर विचार कर रहे हैं, ताकि सालभर पर्यटन को गति मिलती रहे।

एक्सपर्ट व्यू –

वरिष्ठ रिसोर्ट व्यवसायी पुष्पेंद्र कुमार व्यास के अनुसार डिस्काउंट फार्मूला और अनुकूल मौसम ने मिलकर पर्यटन क्षेत्र में एक बार फिर नई ऊर्जा भर दी है, जिससे कारोबारियों को बड़ी राहत मिली है और शहर से सम के धोरों तक में रौनक देखी जा रही है। आगामी दिनों में भी मौसम के पूर्वानुमान पर्यटन क्षेत्र के हित में नजर आ रहे हैं। सीजन के समय जो पर्यटक कमरे व अन्य व्यवस्थाएं महंगी होने के कारण जैसलमेर आने से परहेज करते हैं, वे इस समय अच्छी संख्या में पहुंच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *