लखनऊ के डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने पैरा बैडमिंटन में शानदार प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों ने 6 से 10 मार्च तक तेलंगाना में आयोजित सातवीं पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप 2025-26 में विभिन्न वर्गों में हिस्सा लेकर कई रजत और कांस्य पदक जीते। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्साह, मेहनत और आत्मविश्वास ने सभी का ध्यान खींचा और विश्वविद्यालय को बड़ी उपलब्धि दिलाई। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की छात्रा कुमारी सर्वेश (एम.कॉम) ने महिला एकल WH-1 और महिला युगल WH-1–WH-2 वर्ग में शानदार खेल दिखाते हुए रजत पदक जीता। वहीं हमिद सलमानी (एम.ए.) और सिराजुद्दीन अहमद (एम.ए.) ने पुरुष एकल WH-1 वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। सिराजुद्दीन अहमद ने मिश्रित युगल WH-1–WH-2 वर्ग में भी कांस्य पदक जीतकर दोहरी सफलता प्राप्त की। पदक जीतकर विश्वविद्यालय की उपलब्धियों में खास पहल इसी तरह संजना कुमारी (बीबीए) ने महिला युगल SL-3–SU-5 और महिला एकल SL-3 वर्ग में रजत पदक जीता, जबकि मिश्रित युगल SL-3–SU-5 वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया। उषा देवी (डी.एड) ने महिला एकल SL-4 वर्ग में रजत पदक हासिल किया, जबकि कनक सिंह जदौन (एमबीए) ने इसी वर्ग में कांस्य पदक जीतकर विश्वविद्यालय की उपलब्धियों में खास पहल की । छात्र-छात्राओं ने अपनी मेहनत के दम पर यह उपलब्धि हासिल की विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य संजय सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है, जो पूरे विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय और देश का नाम रोशन करेंगे। क्रीड़ा निदेशक प्रो. राजीव नयन ने भी खिलाड़ियों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं। वहीं उप क्रीड़ा निदेशक डॉ. दीपक चंद शर्मा और डॉ. सौम्या शंकर ने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


