इंदौर के लाहूजी नगर (वार्ड-15) के हालात भी बद से बदतर हैं। वार्ड में गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और चारों तरफ गंदगी फैली है। वार्ड के रहवासी गंदे पानी में से निकलने और वहीं से पीने का पानी लेने के लिए मजबूर हैं। कांग्रेस नेताओं ने वार्ड की बदहाली को नर्क बताते हुए 10 दिन में सुधार न होने पर चक्काजाम की चेतावनी दी है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इंदौर को भले ही स्मार्ट सिटी का दर्जा मिला हो, लेकिन शहर की जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि लाहूजी नगर में खुले नाले, बहता गंदा पानी और चारों ओर फैली गंदगी से हालात दिन-ब-दिन बिगड़ते जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने कहा कि हालात इतने खराब हैं कि जिस स्थान से नालियों का गंदा पानी बह रहा है, वहीं से लोगों को पीने का पानी लेने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। कांग्रेसियों ने सुनीं लोगों की समस्याएं कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और वास्तविक स्थिति का निरीक्षण किया। इसके साथ ही वीडियो के माध्यम से हालात उजागर करते हुए नगर निगम अधिकारियों से तत्काल सुधार की मांग की गई। चिंटू चौकसे ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 10 दिन में स्थिति में सुधार नहीं किया गया, तो क्षेत्र के 5000 से अधिक नागरिकों के साथ कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर चक्का जाम करेगी। उन्होंने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए कहा कि ऐसी स्थिति किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है। वार्ड में विकास कार्यों की अनदेखी कांग्रेस प्रवक्ता अमित चौरसिया ने आरोप लगाया कि वार्ड में विकास कार्यों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह समस्या अब केवल एक वार्ड तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूरे इंदौर की बनती जा रही है। यदि समय रहते प्रशासन नहीं जागा, तो शहर में और भी ऐसे “नरकीय वार्ड” सामने आएंगे। कांग्रेस ने प्रशासन से तत्काल जिम्मेदारी तय करने और ठोस कार्रवाई की मांग की है।


