नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टविटी को बढ़ाने के लिए प्राधिकरण चिल्ला एलिवेटेड रोड से सेक्टर-94 तक एलिवेटेड लिंक रोड बनाएगा। ये रोड पुश्ता पर प्रस्तावित एलिवेटेड से कनेक्ट हो जाएगा जो सीधे सेक्टर-150 यानी यमुना एक्सप्रेस वे तक प्रस्तावित है। इससे दिल्ली से आने वाले वाहन यमुना एक्सप्रेस वे तक जा सकेंगे। लिंक एलिवेटेड रोड की सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है।
करीब 1.5 किलोमीटर लंबी इस एलिवेटेड रोड को लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा। सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद अब नोएडा प्राधिकरण इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करवाएगा। डीपीआर तैयार होने के बाद परियोजना को जमीन पर उतारने के लिए आगे बढ़ाया जाएगा।
नोएडा में बढ़ते ट्रैफिक जाम को अलग-अलग विकल्पों से मैनेज करने के प्रयास शुरु हो गए हैं। इसी के चलते दिल्ली से यमुना एक्सप्रेसवे की ओर से जाने वाले वाहन चालकों को सीधे कलेक्टीविटी देने के लिए नई एलिवेटेड रोड बनाने की योजना की फिजिबिलटी रिपोर्ट पिछले दिनों तैयार कराई जा रही थी। मंगलवार को नोएडा प्राधिकरण में इसे सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है।
सेक्टर-94 तक सात किमी लंबा होगा कारिडोर
यह एलिवेटेड रोड चिल्ला एलीवेटेड जहां खत्म हो रही है वहां आगे के लिए से सेक्टर-94 तक 1.5 किमी. लंबी बनाई जाएगी। वहीं 5.5 किमी. लंबी चिल्ला एलीवेटेड रोड का निर्माण चल रहा है। जिसके चलते यह पूरा एलीवेटेड कारीडोर 7 किमी. लंबा बन जाएगा। सेक्टर-94 तक एलीवेटेड बनने के बाद इसे आगे यमुना पुश्ता मार्ग से भी भविष्य में जोड़ा जाएगा।
इंटरनल रोड पर लगता है जाम
दिल्ली से आने वाले अधिकतर वाहनों को नोएडा के अंदरूनी रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे सेक्टर-18, फिल्म सिटी और एक्सप्रेसवे पर भारी जाम लगता है। इस 1.5 किमी. की एलीवेटेड रोड के बनने से सेक्टर-94 की ओर जाने वाले लोगों को इस जाम से राहत मिलेगी। प्रस्तावित एलिवेटेड रोड यमुना के पुस्ते के साथ-साथ आगे बढ़ेगी और कई स्थानों पर लूप व कनेक्टिंग रोड बनाए जाएंगे, ताकि आसपास के सेक्टरों के लोग भी इसका उपयोग कर सकें।
डीपीआर बनने के बाद आगे बढ़ेगा काम
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को इसी सैद्धांतिक मंजूरी हो गई है और अब इसकी डीपीआर बनाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। डीपीआर में तकनीकी पहलुओं, निर्माण की रूपरेखा और लागत का विस्तृत आकलन किया जाएगा। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर निर्माण कार्य कराया जाएगा।


