धमाकों,ड्रोन साये में 11 दिन दुबई में फंसे रहे दिनेश:पांच गुना महंगा टिकट लेकर भांजे की शादी में शामिल होने पहुंचे, परिवार में खुशी

धमाकों,ड्रोन साये में 11 दिन दुबई में फंसे रहे दिनेश:पांच गुना महंगा टिकट लेकर भांजे की शादी में शामिल होने पहुंचे, परिवार में खुशी

गोंडा में छपिया क्षेत्र के सेजलपुर गांव निवासी दिनेश वर्मा दुबई में 11 दिनों तक फंसे रहे खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण उन्हें लगातार धमाकों और ड्रोन गिरने की खबरों के बीच रहना पड़ा। दो बार उड़ानें रद्द होने के बाद, उन्होंने पांच गुना महंगा टिकट लेकर भारत लौटने का फैसला किया। दिनेश दुबई के बर दुबई इलाके में एक क्लीनिंग कंपनी में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान रात में धमाकों की आवाजें सुनाई देती थीं और मोबाइल पर लगातार सुरक्षा अलर्ट आते रहते थे। दिनेश ने होली और अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए 1 मार्च को भारत आने का टिकट कराया था। हालांकि, उड़ान से लगभग चार घंटे पहले ही उन्हें फ्लाइट रद्द होने का संदेश मिला। उन्होंने दूसरी बार टिकट बुक कराया, लेकिन वह भी कुछ घंटों पहले रद्द हो गया, जिससे वे लगभग 11 दिनों तक दुबई में ही फंसे रहे।दिनेश ने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एक बार जब वह सड़क पर थे, तब लगभग एक किलोमीटर दूर एक जोरदार धमाका हुआ।

संयोगवश, उन्हें कुछ देर बाद उसी दिशा में जाना था। इस घटना के बाद वहां रहने वाले लोगों में दहशत और बढ़ गई। उन्होंने बताया कि जबल अली, शारजाह, बर दुबई, रास अल खैमा, फुजैरह और अजमान जैसे इलाकों से ड्रोन गिरने और धमाकों की खबरें लगातार मिल रही थीं। मोबाइल फोन पर सुरक्षा अलर्ट के संदेश आते रहते थे और कई बार रात में तेज धमाकों की आवाजें सुनाई देती थीं। दिनेश ने बताया कि उन्होंने पहले 450 दिरहम में टिकट कराया था, जो रद्द हो गया। इसके बाद 1270 दिरहम में दूसरी बार टिकट लिया, वह भी रद्द हो गया। अंततः, उन्हें लगभग 22,000 रुपये अतिरिक्त खर्च कर तीसरी बार टिकट खरीदना पड़ा, जिसके बाद ही वे भारत लौट सके। घर पहुंचने पर उनके परिवार ने राहत की सांस ली। दिनेश ने बताया कि वह दुबई से 10 मार्च को सुबह 8 बजे एयर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई पहुंचे। वहां से शाम 6:30 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी और रात 8:40 बजे दिल्ली पहुंचे। इसके बाद दिल्ली से 10:50 बजे फ्लाइट लेकर 12:15 बजे कल अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से देर रात घर पहुंच गए है जिस फ्लाइट से वह भारत लौटे, उसमें करीब 140 भारतीय यात्री सवार थे।दिनेश ने बताया कि फ्लाइट रद्द होने के कारण दुबई में कई भारतीय यात्री परेशान थे। टिकट रद्द होने के बाद कई लोगों को दोबारा महंगे दामों पर टिकट लेना पड़ा।

दिनेश के अनुसार उस समय स्थिति को लेकर भारतीय दूतावास की ओर से कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं मिला था। ऐसे में वहां मौजूद कई भारतीयों को खुद ही टिकट की व्यवस्था कर भारत लौटना पड़ा। दिनेश ने बताया कि वह होली और 11 मार्च को होने वाली भांजे की शादी में शामिल होने के लिए घर आ रहे थे, लेकिन फ्लाइट रद्द होने के कारण होली में नहीं पहुंच सके। हालांकि अब सुरक्षित घर पहुंचने से उन्हें सुकून मिला है और वह शादी समारोह के बाद शामिल होंगे। घर पहुंचते ही परिजनों ने दिनेश को गले लगाकर स्वागत किया। परिवार के लोगों की आंखों में खुशी के आंसू थे।

भाई राम सुभावन वर्मा ने बताया कि जब तक भाई दुबई में थे, तब तक परिवार के लोग काफी चिंतित रहते थे और रात में ठीक से नींद भी नहीं आती थी। पिता राम केदार वर्मा ने कहा कि बेटे के वहां फंसे होने से परिवार परेशान था, लेकिन अब उसके सुरक्षित लौट आने से सुकून मिला है। माता प्रेमा देवी ने कहा कि बेटा होली में तो नहीं आ पाया, लेकिन सुरक्षित घर लौट आया, यही सबसे बड़ी खुशी है। पत्नी रीता वर्मा ने बताया कि टीवी और मोबाइल पर खबरें देखकर डर लगता था, अब उनके लौटने से परिवार में खुशी का माहौल है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *