वक्फ संपत्तियों के डिजिटल सर्वे में तेजी:जिले में 2,630 संपत्तियां, 15 फरवरी तक अपलोड होगा विवरण

वक्फ संपत्तियों के डिजिटल सर्वे में तेजी:जिले में 2,630 संपत्तियां, 15 फरवरी तक अपलोड होगा विवरण

लखीमपुर खीरी में वक्फ संपत्तियों के डिजिटल सत्यापन कार्य में तेजी आई है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रोहित कुमार सिंह ने सभी मुतवल्लियों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी वक्फ संपत्तियों का विवरण वक्फ पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करें। ऑनलाइन पंजीकरण और सत्यापन प्रक्रिया जारी है। जिले में कुल 2,630 वक्फ संपत्तियां दर्ज हैं। इनमें सुन्नी वक्फ बोर्ड की 2,620 और शिया वक्फ बोर्ड की 10 संपत्तियां शामिल हैं। कई संपत्तियों का विवरण पहले ही ऑनलाइन दर्ज किया जा चुका है, जबकि शेष का सत्यापन कार्य प्रगति पर है। अधिकारी ने बताया कि सत्यापन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में मुतवल्ली द्वारा पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 फरवरी निर्धारित की गई है। दूसरे चरण में वक्फ बोर्ड द्वारा जांच 15 अप्रैल तक पूरी की जाएगी, जबकि तीसरे चरण में अंतिम सत्यापन 5 जून तक होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि 15 फरवरी तक जिन संपत्तियों का विवरण पोर्टल पर दर्ज नहीं होगा, उसके लिए संबंधित मुतवल्ली स्वयं जिम्मेदार होंगे। तहसीलवार वक्फ संपत्तियों का विवरण इस प्रकार है: लखीमपुर सदर में 870, गोला में 448, मोहम्मदी में 404, धौरहरा में 403, निघासन में 204, मितौली में 186 और पलिया में 105 संपत्तियां हैं। रोहित कुमार सिंह ने बताया कि कई वक्फ संपत्तियों के अभिलेख पुराने और अव्यवस्थित होने के कारण अतिक्रमण और विवाद की आशंका बनी रहती है। डिजिटल पोर्टल पर विवरण दर्ज होने से संपत्तियों की पहचान, सीमा और उपयोग स्पष्ट होगा, जिससे अवैध कब्जों पर नियंत्रण में मदद मिलेगी। उन्होंने सभी मुतवल्लियों से समय पर पंजीकरण कराने की अपील की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *