Digestion Improve Tips: कई लोगों को लंच के बाद पेट भारी लगना, गैस बनना, एसिडिटी या पेट फूलने जैसी परेशानी होने लगती है। खासकर जब खाना ज्यादा तला-भुना या भारी हो। ऐसे में लोग तुरंत दवा खा लेते हैं, लेकिन गैस्ट्रो डॉक्टर कहते हैं कि आपकी रसोई में ही इसका आसान इलाज मौजूद है।
दिल्ली के डॉ. शुभम वत्स्या (Dr. Shubham Vatsya) के अनुसार, लंच के बाद सौंफ, अजवाइन और जीरा चबाना पाचन को बेहतर बनाने का पुराना और असरदार तरीका है।
क्यों होती है लंच के बाद परेशानी?
जब हम ज्यादा तेल वाला, मसालेदार या भारी खाना खाते हैं, तो शरीर को उसे पचाने में ज्यादा समय लगता है। इससे पेट में गैस, भारीपन और एसिडिटी होने लगती है। इसके अलावा बहुत देर तक बैठे रहना, तनाव लेना, जल्दी-जल्दी खाना, कम पानी पीना भी पाचन को धीमा कर सकते हैं।
कौन से 3 बीज हैं फायदेमंद?
सौंफ (Fennel Seeds)- डॉ. वत्स्या बताते हैं कि सौंफ गैस और पेट फूलने को कम करती है। इसमें मौजूद तत्व पेट की नसों को रिलैक्स करते हैं, जिससे खाना आसानी से पचता है। सौंफ चबाने से मुंह में लार भी ज्यादा बनती है, जो पाचन की पहली सीढ़ी है।
अजवाइन (Carom Seeds)- अगर खाना खाने के बाद पेट भारी लगे या गैस ज्यादा बने, तो अजवाइन बहुत काम आती है। इसमें थाइमोल नाम का तत्व होता है, जो पेट में पाचन वाले एंजाइम्स बढ़ाता है। इससे खाना जल्दी टूटता है और एसिडिटी कम होती है।
जीरा (Cumin Seeds)- जीरा पेट को आराम देने और पाचन तेज करने में मदद करता है। डॉ. वत्स्या के मुताबिक, जीरा शरीर में ऐसे एंजाइम्स बढ़ाता है जो खाने को अच्छे से पचाने में मदद करते हैं। हल्का भुना हुआ जीरा और भी ज्यादा फायदेमंद माना जाता है।
इन्हें कैसे खाएं?
सौंफ, अजवाइन और जीरा मिलाकर आधा छोटा चम्मच लें। चाहें तो हल्का भून लें। लंच के 5 से 10 मिनट बाद धीरे-धीरे चबाएं। इन्हें सीधे निगलें नहीं, क्योंकि चबाने से ही इनके फायदे मिलते हैं।
किन लोगों को सावधान रहना चाहिए?
अगर आपको बार-बार एसिडिटी, पेट दर्द, GERD या कोई पुरानी पेट की बीमारी है, तो पहले डॉक्टर से सलाह लें। गर्भवती महिलाओं को भी बिना पूछे यह आदत नहीं अपनानी चाहिए। डॉ. वत्स्या कहते हैं कि रोज लंच के बाद थोड़ी मात्रा में ये 3 बीज खाना पाचन को बेहतर बना सकता है। यह छोटा-सा घरेलू उपाय गैस, भारीपन और एसिडिटी से राहत दिलाने में मदद कर सकता है।


