फर्सी फैक्ट्री से 45 लाख का डीजल-पेट्रोल जब्त:47,700 लीटर ईंधन बरामद, कम दाम पर खरीदकर ऊंचे दामों में बेचते थे, 7 गिरफ्तार

फर्सी फैक्ट्री से 45 लाख का डीजल-पेट्रोल जब्त:47,700 लीटर ईंधन बरामद, कम दाम पर खरीदकर ऊंचे दामों में बेचते थे, 7 गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के महासमुंद के घोड़ारी स्थित बालाजी फर्सी फैक्ट्री में पुलिस ने एक बड़े अवैध डीजल-पेट्रोल कारोबार का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 47,700 लीटर डीजल और पेट्रोल जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 45 लाख रुपए से अधिक है। इस मामले में गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से दो टैंकर, दो ट्रैक्टर, लोहे के ड्रम, टूल्लू पंप और जैरकिन सहित अन्य सामग्री भी जब्त की है। जब्त किए गए ज्वलनशील पदार्थ की कुल मात्रा 47,700 लीटर है, जिसका बाजार मूल्य 45 लाख 22 हजार 130 रुपये आंका गया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत घोड़ारी में स्थित बालाजी फर्सी फैक्ट्री में यह अवैध धंधा लंबे समय से चल रहा था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके बाद एक टीम ने छापा मारा। जांच में पता चला कि मंदिर हसौद डिपो से नेशनल हाईवे 53 से गुजरने वाले डीजल-पेट्रोल टैंकरों को फर्सी फैक्ट्री के अंदर लाया जाता था। यहां ड्राइवरों से कम कीमत पर अवैध तरीके से ईंधन खरीदा जाता था। खरीदे गए डीजल-पेट्रोल को बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के ड्रमों में भरकर रखा जाता था। बाद में, इसी ईंधन को अन्य ड्राइवरों को अधिक कीमत पर बेचा जाता था। इस पूरे अवैध कारोबार को मंदिर हसौद नक्टा निवासी राहुल यादव अंजाम देता था। पुलिस पूछताछ में इस गिरोह में राहुल के अलावा अन्य 5 सदस्यों के शामिल होने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने चार आरोपियों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया है। इनमें ओमप्रकाश उर्फ कालिया (38) निवासी उरला स्वाद चौक बेंद्री रोड रायपुर, उमेश साहू (55) निवासी दुर्गा नगर बिरगांव थाना उरला जिला रायपुर, सुशंक च्वाईसी (31) निवासी छोनोगिर थाना जानकीया जिला खोरदा (ओडिशा) और शिवानंद (27) निवासी नवागांव थाना मंदिर हसौद जिला रायपुर शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी राहुल से एक मोबाइल और 20,500 रुपये नकद, महेश से एक मोबाइल और बीट्टू से भी एक मोबाइल जब्त किया है। सभी आरोपियों को आवश्यक वस्तु अधिनियम और बीएनएस की धारा 287 व 3(7) के तहत गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *