Iran-Israel War: इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार रात लाइव आकर दावा किया कि ईरान के साथ 20 दिनों के युद्ध में इजरायल जीत रहा है और ईरान तबाह हो चुका है। प्रेस को संबोधित करते हुए नेतन्याहू ने कहा कि ईरान अब यूरेनियम संवर्धन या बैलिस्टिक मिसाइल बनाने की क्षमता खो चुका है। उसकी परमाणु ताकत खाक हो गई है और मिसाइलें भी नहीं बची हैं। ईरान अब दुनिया को ब्लैकमेल नहीं कर सकता, क्योंकि उसकी लीडरशिप खत्म हो चुकी है।
इस्लामिक रीजिम से आजादी दिलाना हमारा लक्ष्य
उन्होंने ईरानी लोगों को आजादी दिलाने को अपना लक्ष्य बताया। अपनी सेहत की अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि मैं जिंदा और स्वस्थ हूं। नेतन्याहू ने अमरीका पर दबाव डालने के आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कहा कि ट्रंप के साथ हमारा समन्वय सही है। हमने अमेरिका को युद्ध में नहीं खींचा।
हवा, जमीन और भूमिगत हमले किए
नेतन्याहू ने बताया कि इजरायल ने इस जंग में हवा, जमीन और भूमिगत हमले किए। जिसमें कैस्पियन सागर में ईरान की पूरी नौसेना नष्ट कर दी गई है। युद्ध के लक्ष्य बताते हुए उन्होंने कहा कि परमाणु खतरा, बैलिस्टिक मिसाइल खतरा खत्म करना और ईरान में लोगों को स्वतंत्रता दिलाना है। इजरायल घरेलू स्तर पर स्कूल खोलने, अर्थव्यवस्था मजबूत करने और प्रभावितों को मुआवजा देने की योजना पर काम कर रहा है।
एस जयशंकर ने की इजरायली विदेश मंत्री से बातचीत
इधर, पश्चिम एशिया में जारी युद्ध पर भारत भी अपनी नजर बनाए हुए है। वह लगातार कूटनीति व बातचीत के जरिए युद्ध खत्म करने की बात करता आया है। इसी कड़ी में भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इजरायली विदेश मंत्री गिदोन सार से बातचीत की है।
बातचीत के बाद विदेश मंत्री जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा कि आज शाम इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार के साथ टेलीफोन पर बातचीत हुई। पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष और उसके कई प्रभावों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। पिछले कुछ दिनों में विदेश मंत्री जयशंकर ने रूस, ईरान, फ्रांस और ओमान सहित कई अन्य देशों के अपने समकक्षों से भी बातचीत की है, क्योंकि भारत पश्चिम एशिया की स्थिति को लेकर क्षेत्रीय सरकारों और प्रमुख साझेदारों के साथ लगातार संपर्क में है। इससे पहले दिन में जयशंकर ने यूएई की अंतरराष्ट्रीय सहयोग राज्य मंत्री रीम अल हाशिमी से मुलाकात की, जिसमें पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष से जुड़े ताजा घटनाक्रमों पर चर्चा हुई।


