Dhurandhar 3: रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ (धुरंधर: द रिवेंज) इस वक्त बॉक्स ऑफिस पर किसी सुनामी की तरह आगे बढ़ रही है। 19 मार्च को रिलीज हुई इस फिल्म ने महज कुछ ही दिनों में कमाई के सारे पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। लेकिन इस जबरदस्त कामयाबी के शोर के बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसी खबर जंगल की आग की तरह फैल गई है, जिसने फैंस की धड़कनें तेज कर दी हैं। इंटरनेट पर एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि फिल्म का अगला हिस्सा यानी ‘धुरंधर 3’ इसी साल जून में रिलीज होने वाला है। फैंस के सामने जैसे ही ये खबर आई हर कोई खुशी से पागल हो उठा। फैंस फिल्म की तारीफ कर रहे हैं।
क्या है वायरल पोस्ट का पूरा सच? (Dhurandhar 3 Post Viral)
सोशल मीडिया पर जो तस्वीर वायरल हो रही है, उसे फिल्म के ‘पोस्ट-क्रेडिट सीन’ (फिल्म खत्म होने के बाद आने वाला हिस्सा) का स्क्रीनशॉट बताया जा रहा है। इस तस्वीर पर बड़े अक्षरों में ‘धुरंधर: द फाइनल चैप्टर‘ लिखा है और रिलीज की तारीख 14 जून 2026 बताई गई है। इस पोस्ट को देखकर फैंस हैरान रह गए, क्योंकि ‘धुरंधर 2’ अभी रिलीज हुए हफ्ता भर भी नहीं हुआ है। लोगों को लगा कि शायद निर्देशक आदित्य धर ने ‘बाहुबली’ या ‘पुष्पा’ की तरह अगले पार्ट की शूटिंग भी गुपचुप तरीके से पूरी कर ली है।

सच या सिर्फ एडिटिंग का कमाल? (Dhurandhar 3 Fact Check)
जब इस वायरल खबर की पड़ताल की गई, तो सच्चाई कुछ और ही निकली। न्यूज़18 की फैक्ट चेक रिपोर्ट के मुताबिक, ‘धुरंधर 3’ की जून में रिलीज होने वाली यह खबर पूरी तरह से फर्जी है। फिल्म के अंत में मेकर्स की तरफ से ऐसी किसी भी तारीख का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। असल में, यह वायरल तस्वीर किसी शरारती तत्व द्वारा एडिटिंग टूल्स की मदद से तैयार की गई है ताकि सोशल मीडिया पर चर्चा और लाइक्स बटोरे जा सकें। निर्देशक आदित्य धर या फिल्म की प्रोडक्शन टीम ने फिलहाल तीसरे पार्ट को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है।

बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर 2’ का ऐतिहासिक सफर (Dhurandhar 2 Box Office Collection)
भले ही तीसरे पार्ट की खबर अभी महज एक अफवाह हो, लेकिन ‘धुरंधर 2’ की सफलता पूरी तरह हकीकत है। फिल्म ने अपने पहले ही दिन 100 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ भारतीय सिनेमा में इतिहास रच दिया था। शुरुआती तीन दिनों के भीतर ही फिल्म ने घरेलू बाजार में 278 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया है और वर्ल्डवाइड लेवल पर यह 300 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है।
दिग्गज निर्देशक एसएस राजामौली ने भी फिल्म की सराहना करते हुए इसे ‘इमोशन और स्केल’ के मामले में बेमिसाल बताया है। रणवीर सिंह के साथ-साथ संजय दत्त और आर. माधवन की जुगलबंदी दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। फिलहाल तो फैंस ‘धुरंधर 2’ के एक्शन का लुत्फ उठा रहे हैं, लेकिन तीसरे पार्ट के लिए उन्हें अभी लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।


