Dhurandhar 2 First Review Out: साल 2026 की सबसे मच अवेटेड फिल्मों में शामिल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को लेकर रिलीज से पहले ही जबरदस्त माहौल बन चुका है। फिल्म की आधिकारिक रिलीज से पहले ही इंडस्ट्री के दिग्गज फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने इसे देखकर ऐसी प्रतिक्रिया दी है, जिसने दर्शकों की उम्मीदों को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।
राम गोपाल वर्मा ने ‘धुरंधर 2’ का दिया रिव्यू (Dhurandhar 2 First Review Out)
‘सत्या’ जैसी क्लासिक फिल्म बनाने वाले राम गोपाल वर्मा ने इस एक्शन ड्रामा को भारतीय सिनेमा का टर्निंग पॉइंट बताते हुए कहा कि ये फिल्म न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचेगी, बल्कि सिनेमा की परिभाषा ही बदल देगी। उन्होंने यहां तक कह दिया कि हॉलीवुड के मशहूर निर्देशकों स्टीवन स्पीलबर्ग और क्रिस्टोफर नोलन को भी इस फिल्म को “फर्स्ट डे, फर्स्ट शो” देखना चाहिए।
‘शोले’ से 100 गुना बड़ी फिल्म!
राम गोपाल वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए लिखा कि ‘धुरंधर 2’ का प्रभाव इतना जबरदस्त है कि ये ‘शोले’ से 100 गुना अधिक भव्य साबित होगी। उन्होंने कहा कि इस फिल्म के सामने ‘मुगल-ए-आजम’ जैसी महान फिल्में भी साधारण लगेंगी।
उनका मानना है कि फिल्म का ऑडियो-विजुअल प्रभाव, कहानी कहने का अंदाज और सिनेमाई तकनीक इतनी अलग है कि यह एक नए युग की शुरुआत करती है। राम गोपाल वर्मा के शब्दों में, ‘ये फिल्म सिनेमा के पुराने ढांचे को तोड़कर एक नई सिनेमाई व्यवस्था स्थापित करती है।’
निर्देशक आदित्य धर की जमकर तारीफ
फिल्म के निर्देशक आदित्य धर को लेकर भी राम गोपाल वर्मा ने बड़ी बात कही। उन्होंने लिखा कि आने वाले समय में ‘डायरेक्टर’ शब्द की पहचान ही आदित्य धर के नाम से शुरू होगी।
वर्मा पहले भी कई बार आदित्य धर के काम की तारीफ कर चुके हैं और इस फिल्म को भारतीय सिनेमा में “क्वांटम लीप” बताया था। अब ‘धुरंधर 2’ देखने के बाद उनका विश्वास और मजबूत हो गया है।
फिल्म की दमदार स्टारकास्ट और कहानी
फिल्म में Ranveer Singh एक अंडरकवर भारतीय जासूस की भूमिका में नजर आएंगे, जो दुश्मन इलाके में जाकर मिशन को अंजाम देता है। इसके अलावा अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और आर माधवन जैसे बड़े कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म की कहानी एक जासूस के खतरनाक मिशन और उसके ट्रांसफॉर्मेशन पर आधारित है, जो इसे और भी रोमांचक बनाती है।
बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ शुरुआत के संकेत
ट्रेड एक्सपर्ट्स के अनुसार, फिल्म रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग में शानदार प्रदर्शन कर रही है। पेड प्रीव्यू से ही करोड़ों की कमाई हो चुकी है और पहले दिन 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की ओपनिंग की उम्मीद जताई जा रही है।
इतना ही नहीं, शुरुआती वीकेंड में फिल्म 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकती है, जो इसे साल की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों में शामिल कर सकता है।
19 मार्च को रिलीज, दर्शकों में जबरदस्त क्रेज
‘धुरंधर: द रिवेंज’ 19 मार्च 2026 को हिंदी समेत कई भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को लेकर जिस तरह का माहौल बना हुआ है, उससे साफ है कि यह बॉक्स ऑफिस पर कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ सकती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या राम गोपाल वर्मा की भविष्यवाणी सही साबित होती है या नहीं


