-राजस्व वसूली में जयपुर डिस्कॉम के 18 सर्कलों में धौलपुर जिला 5वें स्थान पर
– इससे पहले 2025 में 101.63 प्रतिशत अर्जित किया था राजस्व
धौलपुर. धौलपुर डिस्कॉम ने वित्त वर्ष नया रिकॉर्ड कायम करते हुए 103.50 प्रतिशत राजस्व वसूली की है। जयपुर डिस्कॉम के 18 सर्कलों में धौलपुर 5वें स्थान पर रहा है। करौली, बूंदी, कोटा, भरतपुर के बाद धौलपुर की राजस्व वसूली अधिकतम है। डिस्कॉम ने सभी उपखंड, खंड व वृत्त कार्यालय क्षेत्र में 100 प्रतिशत राजस्व अर्जित करने का लक्ष्य निर्धारित किया था।
डिस्कॉम ने राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति को लेकर मुख्य कार्यालयों से ब्लॉक स्तर और गांव-गांव कैम्पों का आयोजन करते उपभोक्ताओं को बिल जमा कराने और नवीन कनेक्शन लेने के लिए पे्ररित किया गया। जिसका ही परिणाम रहा कि डिस्कॉम ने तय लक्ष्य 100 प्रतिशत 3.50 फीसदी अधिक राजस्व एकत्रित किया। धौलपुर डिस्कॉम में ऐसा पहली बार हुआ है कि 103.50 प्रतिशत राजस्व एकत्रित किया गया हो। इसके अलावा धौलपुर जिले के 7 उपखण्डों में भी राजस्व वसूली 100 प्रतिशत से अधिक हासिल की गई।
सभी उपखंडों में 100 फीसदी से ज्यादा प्राप्त किया लक्ष्य
डिस्कॉम के लिए यह लक्ष्य हासिल करना आसान भी नहीं रहा। इसके लिए डिस्कॉम अभियंताओं ने बिजलीघरों पर शिविर आयोजित कर उपभोक्ताओं से मौके पर बकाया राशि जमा कराई गई, जिससे उपभोक्ता को भी राहत मिली। राष्ट्रीय लोक अदालत में पुराने कटे हुए उपभोक्ताओं को राहत मिली। वहीं विभाग को भी 10 करोड़ का राजस्व अर्जित हुआ। अब तक प्राप्त आकड़ों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में धौलपुर शहर उपखंड में 103 प्रतिशत, धौलपुर ग्रामीण में 101 प्रतिशत व राजाखेड़ा में 104 प्रतिशत, बाड़ी में 104 प्रतिशत, बसेडी में 104 प्रतिशत, सैंपऊ में 105 प्रतिशत, सरमथुरा में 103 प्रतिशत राजस्व वसूली अर्जित की है। वहीं धौलपुर जिले में 103.50 प्रतिशत राजस्व वसूली हासिल की है, जो अबतक का कीर्तिमान है।
695 करोड़ की बेची गई बिजली
धौलपुर जिले में अब तक अधिकतम राजस्व वर्ष 2025 में 101.63 प्रतिशत अर्जित किया था, जिसे तोडकऱ इस बार 103.50 प्रतिशत हासिल किया हैै। धौलपुर क्षेत्र में बिजली समस्या व क्षेत्र बड़ा होने के बाबजूद लक्ष्य हासिल करना डिस्कॉम बड़ी उपलब्धि मान रहा है। वित्तीय वर्ष में धौलपुर जिले में 695 करोड़ की बिजली बेची गई, जबकि राजस्व 719 करोड़ से ज्यादा अर्जित हुआ है।
किस सर्किल में कितनी वसूलीसर्किल राशि
धौलपुर शहर 103धौलपुर ग्रामीण 101
राजाखेड़ा 104बाड़ी 104
बसेड़ी 104सैंपऊ 105
सरमथुरा 103धौलपुर जिला 103.50
(नोट: वसूली दर प्रतिशत में है)
डिस्कॉम ने नियमित जनसुनवाई के साथ बिजलीघरों पर शिविर लगवाए गए, जिसमें बकाएदारों के गड़बड़ बिल संशोधित किए गए। वहीं डिफॉल्टर उपभोक्ताओं पर प्रभावी कार्रवाई की गई। राजस्व वसूली अभियान बड़े स्तर पर चलाया गया। बकाएदारों के ट्रांसफार्मर उतारे गए, वहीं कनेक्शन काटे गए, जनसुनवाई कर गडबड़ी वाले बिल संशोधित कर उपभोक्ताओं को राहत दी गई। जनसुनवाई व शिविर में बड़े स्तर पर उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान किया गया।
-विवेक शर्मा, कार्यवाहक एसई जयपुर डिस्कॉम धौलपुर


