धार शहर में लगातार हो रही दुपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाते हुए कोतवाली पुलिस ने एक अंतर-जिला बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया और उनके पास से कुल 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। जब्त किए गए वाहनों की अनुमानित कीमत लगभग 9 लाख रुपये बताई जा रही है। मुखबिर से मिली थी सूचना
सीएसपी सुजावल जग्गा और कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान के नेतृत्व में गठित टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, भक्ताम्बर रोड स्थित देवीजी मंदिर के पास दो संदिग्ध युवक चोरी की बाइक के साथ मौजूद थे। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दबिश दी और संजय पिता भगडिया अनारे तथा मनोज पिता कमरु अनारे, निवासी देवीपुरा टांडा को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मगजपुरा क्षेत्र से एक बजाज पल्सर चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस रिमांड के दौरान उन्होंने बताया कि वे अपने साथियों रितेश और नबलसिंह के साथ मिलकर धार और इंदौर के विभिन्न क्षेत्रों से कई दुपहिया वाहन चोरी करते थे। आरोपियों के पास 8 बाइकें बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर तिरला क्षेत्र के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। जब्त की गई बाइकों में बजाज पल्सर एन, टीवीएस स्टार सिटी (एमपी 47 एमएल 9202), दो यामाहा आर-15, एक पीले रंग की बजाज पल्सर, एक सफेद रंग की आर-15, एक काले रंग की स्प्लेंडर और एक ग्रे रंग की स्प्लेंडर शामिल हैं। कुल 8 बाइकें जब्त की गई हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान, सुनील कुशवाह, अनिल डावर, अरविंद चौहान, रामनरेश यादव, रामसिंह हटीला, सुनील और साइबर सेल के आरक्षक शुभम शर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


