भास्कर न्यूज | अमृतसर मिडल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भले ही सरकार गैस सप्लाई सामान्य होने के दावे कर रही हो, लेकिन शहर में जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर पेश कर रही है। शहर के अलग-अलग इलाकों से गैस सिलेंडर की डिलीवरी में देरी और एजेंसियों के ढीले रवैये की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे उपभोक्ता खासे परेशान हैं। वहीं कई जगह गैस बुकिंग की पर्ची मिलने के हफ्ते बाद भी सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो रही। जिला फूड एंड सप्लाई कंट्रोलर हरवीन कौर ने कहा कि गैस की सप्लाई सामान्य है । कुछ मामलों में डिलीवरी में देरी डिस्ट्रीब्यूशन या लॉजिस्टिक कारणों से हो सकती है। एजेंसियों को समय पर सप्लाई के निर्देश दिए गए हैं । धर्मपुरा निवासी अमरजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने 13 मार्च को गुरु कृपा भारत गैस एजेंसी से सिलेंडर बुक करवाया था। हर बार यही कहा जाता है कि आज आ जाएगा, लेकिन कई दिन बीत गए, अब तक सिलेंडर नहीं मिला। सुल्तानविंड निवासी दुर्गादास शर्मा ने बताया कि उन्होंने 4 मार्च को सिलेंडर बुक करवाया था और 7 मार्च को पर्ची भी मिल गई थी, लेकिन इतने दिन बीत जाने के बावजूद अब तक सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हुई। जवाहर नगर के राजन कुमार ने बताया कि 24 फरवरी को सिलेंडर लेने के बाद 3 मार्च को ई-केवाईसी भी करवाई थी। इसके बावजूद जब वह दोबारा सिलेंडर बुक करवाने पहुंचे तो एजेंसी ने उनकी ‘कॉपी एक्सपायर’ बताकर 50 दिन बाद नई कॉपी आने की बात कह दी।


