फिरोजाबाद के टूंडला थाना क्षेत्र में मथुरा से लौट रही एक इको कार में अचानक आग लग गई। निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास हुई इस घटना में कार सवार लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर पहुंची फायर सर्विस की टीम ने आग पर काबू पा लिया। जानकारी के अनुसार, इको कार संख्या UP 83 AX 7761 मथुरा से दर्शन कर फिरोजाबाद की ओर आ रही थी। कार जैसे ही निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास स्थित काका जी होटल के सामने पहुंची, उसके पहिए में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार से धुआं और लपटें उठने लगीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
कार को बरगदपुर, थाना बसई मोहम्मदपुर निवासी करन सिंह पुत्र महाराज सिंह चला रहे थे। कार में कई लोग सवार थे, जिन्होंने आग लगते ही तुरंत बाहर निकलकर खुद को सुरक्षित कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही फायर सर्विस को बुलाया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया। थाना टूंडला पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित हैं।


