उज्जैन स्थित माँ बगलामुखी मंदिर में सोमवार को विश्व शांति और युद्ध विराम की कामना को लेकर विशेष यज्ञ अनुष्ठान आयोजित किया गया। बीते कई दिनों से जारी अंतरराष्ट्रीय तनाव को देखते हुए इस आयोजन में दुनिया भर के कल्याण की प्रार्थना की गई। नवरात्रि के पावन पर्व पर शुरू हुए इस 9 दिवसीय यज्ञ में 100 से अधिक पंडित-पुजारी भाग ले रहे हैं। सोमवार को हुए अनुष्ठान में विशेष रूप से विश्व शांति के लिए आहुतियां दी गईं। मंदिर के गादीपति रामनाथ महाराज ने बताया कि दस महाविद्याओं का पूजन 51 बटुकों के साथ संपन्न कराया गया। वर्तमान में चल रहे युद्ध को लेकर माता से प्रार्थना की गई कि इस विनाशकारी स्थिति का जल्द अंत हो। पूरे अनुष्ठान में विधि-विधान से पूजन, अभिषेक और हवन किया गया। इसमें विशेष रूप से मिर्ची अनुष्ठान भी शामिल रहा, जिसे संकट निवारण और शत्रु बाधा समाप्ति के लिए किया जाता है। देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन में शामिल होने पहुंचे। मुंबई से आए भक्तों ने भी यज्ञ में भाग लेकर विश्व शांति और मानव कल्याण के लिए प्रार्थना की।


