संतकबीरनगर के खलीलाबाद विकास खंड सभागार में सोमवार को क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। ब्लॉक प्रमुख प्रमिला देवी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आगामी सत्र के लिए लगभग 4 करोड़ रुपए के विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक के दौरान ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई और आगामी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्य अतिथि सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों को संबोधित करते हुए कहा कि गांवों का समग्र विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विधायक तिवारी ने आश्वासन दिया कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से सभी विकास योजनाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी कार्य में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नित्यानंद ने जानकारी दी कि खलीलाबाद ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम सभाओं में लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य संपन्न कराए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि अधूरे और लंबित पड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ मिल सके। बैठक में सड़क, नाली, खड़ंजा, पेयजल और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को उठाया, जिनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए। खंड विकास अधिकारी आनंद गुप्ता ने बताया कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य ब्लॉक क्षेत्र में विकास कार्यों को गति प्रदान करना और योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना है। इस अवसर पर ब्लॉक क्षेत्र के अध्यक्ष प्रधान संघ जगदीश चौधरी, कौशल चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


