सोनभद्र के जिला पंचायत की बैठक में सोमवार को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य श्यामनारायण सिंह (विनीत सिंह), मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए जिला पंचायत का पुनरीक्षित बजट पारित किया गया। इसके अतिरिक्त, वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु पंचम राज्य वित्त आयोग के तहत 15.50 करोड़ रुपए और 15वें वित्त आयोग (टाइड/अनटाइड) योजना के अंतर्गत कुल 16.00 करोड़ रुपए की कार्ययोजना को भी स्वीकृति मिली। ग्रामीण क्षेत्रों में व्यवसाय करने वाले व्यापारियों पर वर्ष 2025-26 के लिए 44,68,050 रुपये का विभव एवं संपत्ति कर लगाने का प्रस्ताव भी पारित हुआ। जिला पंचायत की रॉबर्ट्सगंज, डाला और रेनुकूट स्थित दुकानों का किराया कम से कम 1000 रुपये से अधिक करने संबंधी प्रस्ताव पर भी मुहर लगी। वहीं सोनभद्र के लिए मनरेगा लेबर बजट वर्ष 2026-27 के लिए 42,20,962 मानव दिवस और 177.28 करोड़ रुपये (श्रमांश एवं सामग्री) का श्रम बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक का संचालन अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत राजेश कुमार चौधरी ने किया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य मोहन कुशवाहा, नीरज श्रीवास्तव, जुबेर आलम, आनंद, सुषमा सिंह, पूनम विश्वकर्मा, सुनील सिंह गोड़, सदर ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत, मानसिंह गोड़ एवं जिला स्तरीय अधिकारी जैसे अधिशासी अभियंता (विद्युत, सिंचाई) और डीसी मनरेगा भी मौजूद रहे।


