Deputy Chief Minister visit to Rae Bareli: रायबरेली में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने कहा कि सपा शासन में बहू-बेटियों की सुरक्षा हमेशा खतरे में रहती थी। उस समय बेटियां “देख सपाई बिटिया घबराई” का नारा लगाती थी। आज अखिलेश यादव वोट बचाने की कोशिश में लगे हैं।उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक रायबरेली में राजन जी महाराज की कथा को सुनने के लिए आए थे। इसके पहले उपमुख्यमंत्री ने चुरवा रायबरेली स्थित पिपलेश्वर हनुमान मंदिर में श्री हनुमान जी महाराज के दर्शन किए। उन्होंने पूजा-अर्चना की और पिपलेश्वर हनुमान मंदिर के महत्व के विषय में भी जानकारी दी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि यहां पर प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है.

अखिलेश यादव पर दिया बड़ा बयान
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में प्रसिद्ध कथावाचक राजन जी महाराज की राम कथा हो रही है, जिसमें शामिल होने के लिए उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक रायबरेली पहुंचे। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए बृजेश पाठक ने कहा कि अखिलेश यादव की स्थिति “सौ सौ चूहे खाकर बिल्ली चली हज को” वाली है।
अखिलेश यादव ने महिलाओं को 40 हजार देने का वादा किया
बृजेश पाठक सपा मुखिया अखिलेश यादव के महिलाओं को 40 हजार रुपए देने का वादा करने पर पूछे गए सवाल पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे। उन्होंने कहा कि सपा की चार बार सरकार रह चुकी है। अखिलेश यादव भी मुख्यमंत्री रह चुके हैं। सपा शासन में लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह ध्वस्त था, बहू-बेटियों की इज्जत सुरक्षित नहीं थी, और उस समय बेटियां नारा देती थी, “देख सपाई बिटिया घबराई।”
सौ सौ चूहे खाकर बिल्ली…
बृजेश पाठक ने कहा कि सपा मुखिया का वही हाल है कि सौ सौ चूहे खाकर बिल्ली चली हज को, झूठे वादे करके केवल वोट लेना चाहते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर को नंबर एक पर लाने का काम किया है। बदमाश, माफिया या तो प्रदेश के बाहर हैं या जेलों में सड़ रहे हैं। आज बहू बेटियां रात को 12 बजे भी अपने कार्यस्थल से घर जा रही हैं। एक सवाल के जवाब पर बृजेश पाठक ने कहा कि यह अखिलेश यादव के मन की पीड़ा है। यदि किसी लेखक या साहित्यकार ने अपनी लेखनी से कुछ प्रदर्शित किया है तो उसकी सराहना करनी चाहिए। लेकिन समाजवादी पार्टी हमेशा विरोध करती है।
पीपल के पेड़ से निकले हनुमान जी
इस मौके पर बृजेश पाठक ने पिपलेश्वर हनुमान जी के दर्शन किए। एक्स पर उन्होंने पिपलेश्वर हनुमान जी के महत्व के विषय में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यहां पर बजरंगबली की लकड़ी की प्रतिमा विराजमान है जो लगभग 100 वर्ष पुरानाी है। लोक मान्यता है कि आंधी में पीपल का पेड़ गिरने के बाद उसकी जड़ों में यह प्रतिमा प्रकट हुई थी। लखनऊ-प्रयागराज राजमार्ग पर रायबरेली के प्रवेश द्वार पर स्थित मंदिर में मंगलवार और शनिवार को भक्तों की बाहरी भीड़ उमड़ती है।


