फर्रुखाबाद में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। बीते दो दिनों से घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि विजिबिलिटी घटकर 30 मीटर रह गई।शुक्रवार सुबह से ही शहर घने कोहरे की चपेट में रहा। सुबह 6 बजे विजिबिलिटी करीब 20 मीटर थी, जो सुबह 8 बजे तक बढ़कर 30 मीटर तक पहुंची। कोहरे के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर धीमी गति से चलना पड़ा। इटावा-बरेली हाईवे और फर्रुखाबाद-दिल्ली मार्ग पर वाहनों की रफ्तार काफी कम रही।सर्दी से बचाव के लिए लोग अलाव का सहारा लेते दिखे। घने कोहरे और ठंड के बावजूद शुक्रवार से स्कूल खुल गए, जिससे छात्रों को सर्दी में स्कूल जाते देखा गया। 5 तस्वीरें देखिए… जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है।मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और आर्द्रता 28 प्रतिशत दर्ज की गई। बीते एक सप्ताह से धूप निकलने के कारण लोगों को लग रहा था कि सर्दी का असर कम हो गया है, लेकिन अचानक दो दिनों से लौटी ठंड और कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।


