एसपी कार्यालय में बिना अनुमति प्रदर्शन, 5 लोग हिरासत में:श्रावस्ती में विश्व हिंदू रक्षा परिषद के पदाधिकारी नारेबाजी कर रहे थे, वाहन सीज

एसपी कार्यालय में बिना अनुमति प्रदर्शन, 5 लोग हिरासत में:श्रावस्ती में विश्व हिंदू रक्षा परिषद के पदाधिकारी नारेबाजी कर रहे थे, वाहन सीज

श्रावस्ती: पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में विश्व हिंदू रक्षा परिषद के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बिना पूर्व अनुमति के प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने वाहनों के साथ परिसर में प्रवेश कर नारेबाजी की, जिससे जनसुनवाई और अन्य शासकीय कार्य बाधित हुए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संगठन के पांच पदाधिकारियों को हिरासत में लिया और उनके वाहन जब्त कर लिए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संगठन के सदस्य ट्रैक्टर-ट्रॉली और कारों के साथ कार्यालय परिसर में दाखिल हुए। उनके अचानक प्रदर्शन से वहां मौजूद फरियादियों और कर्मचारियों को असुविधा हुई। घटना के समय एसपी कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम चल रहा था, जो इस हंगामे के कारण प्रभावित हुआ। मामले की सूचना मिलते ही एंटी रोमियो प्रभारी अमित सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके न मानने पर कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और दो कारों को जब्त कर कोतवाली में खड़ा करा दिया। इसके अतिरिक्त, संगठन के अध्यक्ष सहित कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। घटना में शामिल कई अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 189(2) (लोक सेवक को उसके कर्तव्य के निर्वहन से रोकना) और धारा 121(1) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सरकारी कार्यालय परिसर में बिना अनुमति प्रदर्शन करना और जनसुनवाई जैसे महत्वपूर्ण कार्य में बाधा डालना गंभीर अपराध है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ किसी भी स्तर पर सख्ती बरती जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *