प्राविधिक कला को टीजीटी के नए विज्ञापन में शामिल करने के लिए प्रतियोगी छात्रों ने आज शुक्रवार को प्रयागराज स्थित उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग के बाहर प्रदर्शन किया। प्रतिनिधिमंडल के शीतला प्रसाद ओझा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतियोगी छात्रों ने आयोग के गेट पर धरना प्रदर्शन किया। आयोग के अध्यक्ष को संबोधित ज्ञापन उप सचिव संजय सिंह को सौंपा। प्रतियोगी छात्रों को यह आश्वासन दिया गया कि इस मामले को आयोग की अगली बैठक में रखा जाएगा। प्रतियोगी छात्र प्रतिनिधिमंडल के शीतला प्रसाद ओझा ने आयोग से मांग की है कि एक पत्र शासन को भेजा जाए क्योंकि नई नियमावली में प्राविधिक कला के छात्रों को बाहर कर दिया गया है इससे एक लाख से अधिक छात्र प्रभावित हो रहे हैं। कहा, बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक प्राविधिक कला के छात्रों को बाहर किया गया है, नए नियम के तहत टीजीटी कला विषय की योग्यता कला विषय में स्नातक बीएड कर दी गई है। प्राविधिक कला के छात्रों को एक बार मौका अवश्य दिया जाए। इसके साथ ही प्रदर्शन करने वाले प्रतियोगी छात्रों ने परीक्षा नियंत्रक देवेंद्र प्रताप सिंह को भी शिक्षा सेवा चयन आयोग से हटाए जाने की मांग की। प्रदर्शन में अमित पांडेय, अखिलेश वर्मा, बृजेश सिंह, आलोक सिंह, विशाल सिंह, कीर्ति यादव, रजनी मिश्रा, अंजू, लता, पूजा सिंह, शशि यादव, अनीता, अमरजीत यादव, नीरज मिश्रा, अंशुमान सिंह व अन्य रहे।


