मथुरा के बलदेव क्षेत्र के दघेटा गांव में शराब ठेके के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें थाना अध्यक्ष प्रदर्शनकारी महिलाओं को जेल भेजने की धमकी देते नजर आ रहे हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ग्रामीण गांव के पास और नगरिया जाने वाले मार्ग पर संचालित देशी शराब, बीयर और अंग्रेजी शराब के ठेके का लगातार विरोध कर रहे हैं। उनका आरोप है कि ठेके के आसपास असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे स्कूल जाने वाली छात्राओं और गांव से गुजरने वाली महिलाओं व बच्चियों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। कई बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई न होने से नाराज सैकड़ों ग्रामीणों ने ठेका हटाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में महिलाएं, बच्चियां और पुरुष बड़ी संख्या में शामिल हुए। ग्रामीणों का कहना है कि शराब के कारण गरीब और दिहाड़ी मजदूर नशे के शिकार हो रहे हैं, जिससे परिवारों में आए दिन विवाद बढ़ रहे हैं और सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है। वायरल वीडियो में महिलाएं शराब ठेके के बाहर विरोध करती दिखाई दे रही हैं। इसी दौरान मौके पर पहुंचे थाना अध्यक्ष ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करते हैं, लेकिन वीडियो में वह महिलाओं को मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की धमकी देते हुए सुनाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद लोग पुलिस की कार्यशैली को लेकर चर्चा कर रहे हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि ठेकेदार समर्थकों द्वारा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जाटव समाज के लोगों के साथ अभद्रता की गई। प्रदर्शन में अतरसिंह डीलर, गिरवर सिंह, गुड्डू सिंह, श्वेता सिंह, ओमवीर, गिर्राज प्रधान, कंजा, जेनी, पप्पू, भातू, परशुराम, संजय मास्टर, शीला, सुनीता, गीता, सीमा, नीरज, रूपेश, नीतू और सुमन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


