चर्च की जमीन पर स्टे के बाद भी जारी निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग

भास्कर न्यूज| महासमुंद पिथौरा में चर्च की जमीन पर अवैध कब्जे और निर्माण का मामला गरमाता जा रहा है। ग्राम अर्जुनी निवासी सामाजिक कार्यकर्ता ने कलेक्टर और एसपी को आवेदन देकर भू-माफियाओं से अपनी जान का खतरा बताया है। साथ ही, स्टे के बाद भी हो रहे निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की है। इस मामले में कार्रवाई न किए जाने की स्थिति में 1 अप्रैल से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने का ऐलान किया गया है। डालेश्वर पटेल ने कहा है, ईसाई समाज की लगभग 50 करोड़ रुपए की भूमि को हड़पने की साजिश रची जा रही है। इस भूमि पर बिना वैध अनुमति के व्यावसायिक परिसर का निर्माण किया जा रहा है। भवन निर्माण की अनुमति अवधि अक्टूबर 2025 में समाप्त हो चुकी है। बावजूद निर्माण कार्य जारी है। नगर पंचायत के अधिकारियों द्वारा निर्माण सामग्री जब्त न करना उनकी संलिप्तता को दर्शाता है। शिकायत के बाद भी अब तक कोई ठोस प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हुई है। एसपी को सौंपे गए आवेदन में डालेश्वर ने स्पष्ट किया है कि शिकायत वापस लेने के लिए उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने जितेन्द्र सिन्हा और पियुष अग्रवाल नामक व्यक्तियों पर आरोप लगाया है कि वे डराने-धमकाने और मारपीट करने के लिए गांव में उनकी तलाश कर रहे हैं। आशंका जताई है कि उनकी जान को खतरा हो सकता है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि अवैध निर्माण कार्य तत्काल बंद नहीं कराया गया, तो वे 1 अप्रैल से थाना पिथौरा के सामने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करेंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *