केंद्र सरकार ने वर्ष 2026 का बजट पेश करते हुए पश्चिम उत्तर प्रदेश में एम्स बनाने की घोषणा की है। इस घोषणा के बाद उत्तर प्रदेश सरकार की माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी ने चंदौसी को एम्स के लिए केंद्र बिंदु बताया है। वह इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर चंदौसी में एम्स स्थापित करने की मांग रखेंगी। सोमवार को संभल जनपद के चंदौसी स्थित अपने आवास पर गुलाब देवी ने केंद्र सरकार के बजट और एम्स स्थापना की घोषणा पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को ‘सर्वहितकारी और सर्वकल्याणकारी’ बजट के लिए बधाई दी। मंत्री ने कहा कि पश्चिम उत्तर प्रदेश में एम्स का बनना निश्चित है। गुलाब देवी ने बताया कि जनभावनाएं हैं कि चंदौसी पश्चिम क्षेत्र का एक केंद्र बिंदु है। यहां रेलवे जंक्शन, गंगा एक्सप्रेस-वे और बड़ी शैक्षणिक व्यवस्थाएं मौजूद हैं। ऐसी स्थिति में, जब पश्चिम यूपी में एम्स बनेगा, तो चंदौसी सभी के मध्य में एक आदर्श केंद्र बिंदु रहेगा। उन्होंने आगे कहा कि चंदौसी में एम्स बनने से आसपास के जनपदों के लोगों को आने-जाने में बहुत बड़ा फायदा होगा। गुलाब देवी ने पुष्टि की कि वह इस संबंध में मुख्यमंत्री से अनुरोध करेंगी और जनहित में यह पहल करेंगी कि एम्स चंदौसी में ही स्थापित हो, ताकि सभी लोग आसानी से यहां पहुंच सकें।


