क्रिसमस पर जबलपुर में बना पारंपरिक वाइन केक एक बार फिर लोगों की पहली पसंद बन गया है। स्वाद, खुशबू और पारंपरिक रेसिपी के कारण इस केक की मांग देश ही नहीं, विदेशों में भी है। करीब 70 वर्षों से यह विशेष वाइन केक जबलपुर के विक्टर परिवार द्वारा तैयार किया जा रहा है। क्रिसमस के अवसर पर यह केक जबलपुर की एक विशिष्ट पहचान के रूप में सामने आता है, जिसे लोग हर साल बेसब्री से इंतजार करते हैं। इस केक में वाइन में भिगोकर रखे गए चेरी, संतरे के छिलके, काजू, किशमिश, अखरोट और बादाम का इस्तेमाल किया जाता है। भिगोकर रखे गए मेवों को मक्खन, मैदा, चीनी, अंडे और पारंपरिक मसालों के साथ मिलाकर मिश्रण तैयार किया जाता है। ईंट की भट्टी में पकाया जाता है केक इस केक को आधुनिक ओवन की बजाय पारंपरिक ईंट की भट्टी में पकाया जाता है। यही पारंपरिक तरीका इसके स्वाद और खुशबू को खास बनाता है। वाइन और पारंपरिक विधि के कारण यह केक लगभग एक महीने तक खराब नहीं होता। वाइन के उपयोग से इसका स्वाद सामान्य केक से बिल्कुल अलग और बेहद खास हो जाता है। कनाडा-फ्रांस से मांग क्रिसमस के मौके पर इस वाइन केक की मांग देश-विदेश में से आती है। केक बनाने वाले विक्टर परिवार की ईशा के अनुसार कनाडा और फ्रांस सहित कई देशों में रह रहे कई परिवार इस केक को मंगाते हैं। वहीं भारत में इंदौर, भोपाल, रायपुर और बिलासपुर जैसे शहरों में भी यह वाइन केक भेजा जाता है। रोज एक हजार से अधिक ऑर्डर ईशा ने बताया कि क्रिसमस के दिनों में प्रतिदिन एक हजार से अधिक ऑर्डर मिल जाते हैं। लगभग एक किलोग्राम वाइन केक की कीमत करीब 5 हजार रुपए तक होती है। शुद्ध सामग्री, पारंपरिक रेसिपी और लंबे समय तक सुरक्षित रहने के कारण जबलपुर का यह वाइन केक क्रिसमस की मिठास को खास बना रहा है।


