पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट बेंच स्थापित करने की मांग अब और जोर पकड़ रही है। इस मुहिम को कारोबारी संगठनों का भी मजबूत समर्थन मिलने लगा है। इसी क्रम में शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल ने अयोध्या बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सूर्य नारायण सिंह को सम्मानित कर इस मुद्दे पर एकजुटता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष (युवा) सुनील खत्री ने सूर्य नारायण सिंह का स्वागत पटका पहनाकर किया और उन्हें भगवान श्रीराम का फ्रेम भेंटकर सम्मानित किया। सुनील खत्री ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास के दिशा-निर्देश पर व्यापार मंडल पहले से ही पश्चिमी यूपी में हाई कोर्ट बेंच की स्थापना की मांग का समर्थन कर रहा है। उन्होंने कहा कि न्याय की मूलभूत पहुंच हर नागरिक तक समान रूप से होनी चाहिए और हाई कोर्ट बेंच की स्थापना से पश्चिमी यूपी के करोड़ों लोगों को न्याय मिलने में तेजी आएगी। खत्री ने यह भी बताया कि सूर्य नारायण सिंह वर्तमान में अयोध्या बार एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं और इससे पहले भी इस पद की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उनके नेतृत्व में अयोध्या बार एसोसिएशन ने न्यायिक और सामाजिक मुद्दों पर हमेशा मुखर भूमिका निभाई है। इस सम्मान समारोह में ऋषि मिश्रा, राजीव कुमार तिवारी, माधव कृष्ण पांडे उर्फ लक्की, जयप्रकाश सिंह आज़ाद, नबी जी, तारिक राजा सहित कई पदाधिकारी और व्यापारी उपस्थित रहे।


