रामपुर में भारतीय किसान यूनियन (भानू) के सैकड़ों पदाधिकारियों ने 24 फरवरी को जिला अस्पताल और सीएमओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जिले में संचालित फर्जी अस्पतालों, अवैध अल्ट्रासाउंड तथा जांच केंद्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जिले में कई निजी अस्पताल और अल्ट्रासाउंड सेंटर बिना मानकों के संचालित हो रहे हैं। इन केंद्रों पर गरीब किसानों और मजदूरों से इलाज, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन तथा एक्स-रे के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। संगठन ने इसे स्वास्थ्य व्यवस्था के नाम पर शोषण बताया।
संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मोहम्मद हनीफ वारसी ने कहा कि जनपद में किसी भी किसान, मजदूर, व्यापारी या आम नागरिक के जीवन से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर अवैध धंधा चलाने वाले अपनी गतिविधियां बंद कर लें, अन्यथा संगठन बड़ा आंदोलन शुरू करेगा। प्रदर्शन के दौरान जिला चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. दीपा सिंह मौके पर पहुंचीं और प्रतिनिधिमंडल से बातचीत की। सीएमओ ने आश्वासन दिया कि प्राप्त शिकायतों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में ऐसी शिकायतें दोबारा नहीं आने दी जाएंगी। संगठन ने एक ज्ञापन सौंपते हुए एक माह के भीतर फर्जी अस्पतालों और जांच केंद्रों को बंद कराने की चेतावनी दी। उन्होंने यह भी मांग की कि जिला अस्पताल सहित सभी सरकारी अस्पतालों और तहसील स्तर के स्वास्थ्य केंद्रों पर गरीब किसानों को बेहतर और पारदर्शी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इस प्रदर्शन में मुराद खान, मुबारक, रफत खान, अखिल खान, हड़ताल सिंह यादव, सतनाम सिंह, मोहम्मद अहमद, आरिफ अली, मतलूब हुसैन, गुड्डू, लियाकत खान, शकील अहमद, शकील खान, पहलवान शाने आलम, धर्मपाल सिंह, रणजीत सिंह, राजा बाबू, गुफरान अली, रिजवान अली, मुकेश कुमार, सोनू और दीपक सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।


