देहरादून-बंगलुरू इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग:पक्षी से टकराई, बाल-बाल बची 170 यात्रियों की जान; 53 मिनट तक हवा में रही

देहरादून-बंगलुरू इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग:पक्षी से टकराई, बाल-बाल बची 170 यात्रियों की जान; 53 मिनट तक हवा में रही

देहरादून से बंगलुरू जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट की वापस देहरादून एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। जानकारी के अनुसार, फ्लाइट 53 मिनट तक हवा में ही रही। विमान में सवार सभी 170 यात्री की जान बाल-बाल बची हैं। फ्लाइट की पक्षी टकराने (बर्ड हिट) की बात सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट IG0-6136 (ए320 एयरबस) ने शाम करीब 6:05 बजे जॉली ग्रांट एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ ही समय बाद विमान के बाएं इंजन से एक पक्षी टकरा गया, जिससे इंजन में तेज आवाज आने लगी। सुरक्षा की दृष्टि से पायलट ने विमान को एयरपोर्ट से दूर नियंत्रित ऊंचाई पर रखा और स्थिति सामान्य करने के प्रयास किए। करीब एक घंटे तक आसमान में चक्कर लगाने के बाद, विमान को शाम 6:59 बजे सुरक्षित रूप से देहरादून एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। दूसरी फ्लाइट से बंगलुरू भेजा इस दौरान सुरक्षा कारणों से दिल्ली से देहरादून आने वाली 5:55 बजे की फ्लाइट और मुंबई से आने वाली 6:20 बजे की फ्लाइट को दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि पायलट ने उड़ान के बाद तकनीकी समस्या की जानकारी दी थी और देहरादून से लगभग 8 मील दूर 5600 फीट की ऊंचाई पर रुकने का अनुरोध किया। फ्लाइट के यात्रियों को सुरक्षित उतारने के बाद इंडिगो ने वैकल्पिक व्यवस्था की। शाम 8:50 बजे दिल्ली से एक दूसरी फ्लाइट देहरादून पहुंची, जिसके जरिए यात्री देर रात बंगलुरू के लिए रवाना हुए। लेकिन अभी तक हमारे पास इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *