करनाल जिला के इंद्री थाना क्षेत्र में नहर से गोवंश के कटे सिर मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। धमनहेड़ी एस्केप के बाद अब धनौरा के पास नहर से फिर अवशेष मिलने से क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। लगातार तीसरे दिन ऐसी घटनाएं सामने आने से गोरक्षकों में भारी रोष है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, जबकि लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई। धनौरा के पास मिले पुराने अवशेष, पुलिस जांच में जुटी
शनिवार को धनौरा के पास नहर में गोवंश के कटे हुए सिर मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। थाना प्रभारी विपिन कुमार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि अवशेष काफी पुराने और गली-सड़ी हालत में हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया गया है। गोरक्षकों ने जताया आक्रोश, धरने की चेतावनी
गोरक्षकों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से लगातार नहर में गोवंश के सिर मिल रहे हैं, जो बेहद निंदनीय है। उनका कहना है कि इससे हिंदू भावनाएं आहत हो रही हैं। गोरक्षा दल के सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि रविवार को 11 बजे तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे। उन्होंने पुलिस पर पहले दिए गए आश्वासन पूरे न करने का आरोप भी लगाया। बुधवार को धमनहेड़ी के पास मिला था पहला मामला
बुधवार दोपहर धमनहेड़ी गांव के पास नहर किनारे से गुजर रहे लोगों को 7 गोवंश के अवशेष दिखाई दिए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अवशेषों को बाहर निकलवाकर उचानी के पशुधन केंद्र में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। ग्रामीणों के अनुसार, नहर किनारे कटे हुए सिर पड़े थे, जबकि कुछ पैर नहर के अंदर एक ओर मिले। पास ही हड्डियों का ढांचा और पशुओं की खाल भी पड़ी थी। फोरेंसिक टीम ने लिए सैंपल, नहीं मिला कोई हथियार
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने खून के नमूने लिए और पूरे क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। हालांकि जांच के दौरान कोई हथियार बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने आसपास के खेतों में भी तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। गुरुवार को फिर मिले 5-6 सिर, हाईवे पर लगा जाम
पहली घटना के अगले ही दिन गुरुवार को उसी नहर के पास फिर 5-6 गोवंश के कटे हुए सिर मिले। इससे गोरक्षकों में आक्रोश फैल गया। गोरक्षक मौके पर पहुंचे और विरोध जताते हुए कटे हुए सिर अपने साथ लेकर इंद्री कोर्ट के सामने स्टेट हाईवे पर रख दिए। इसके बाद सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया गया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ। मोनू राणा ने रखी मांगें, पुलिस ने दिया भरोसा
गोरक्षा दल के प्रधान मोनू राणा ने कहा कि यह घटना हिंदू भावनाओं को आहत करने वाली है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी, नहर पर गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और संदिग्ध गौशालाओं की जांच की मांग रखी। वहीं थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि सीआईए की टीमें भी मामले में जुटी हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।


