टीकमगढ़ की रामनगर पंचायत में बनी गौशाला में गायों की मौत की खबर मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता गोशाला पहुंचकर वहां के हालात देखे और व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। शुक्रवार को बजरंग दल के जिला सुरक्षा प्रमुख विकास यादव ने बताया कि सोशल मीडिया पर रामनगर की भगवंतपुरा गोशाला में 4-5 गायों के मरने की खबर पोस्ट हुई थी। जब टीम वहां पहुंची, तो हकीकत काफी खराब मिली। गायों के खाने के लिए न तो पर्याप्त भूसा था और न ही पीने के लिए साफ पानी। पानी की टंकी में कीचड़ जैसा गंदा पानी भरा हुआ था। सरपंच को बुलाकर दी हिदायत कार्यकर्ताओं ने मौके पर ही सरपंच को बुलाया और गोशाला की हालत दिखाई। उन्होंने साफ कहा कि गायों के लिए तुरंत साफ पानी और चारे का इंतजाम किया जाए। इस दौरान प्रखंड और नगर स्तर के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। महीने भर का अल्टीमेटम बजरंग दल ने प्रशासन को दोटूक चेतावनी दी है कि अगर एक महीने के अंदर गोशाला की व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं, तो विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के लोग उग्र आंदोलन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर जरूरत पड़ी, तो साधु-संतों को साथ लेकर धरने पर बैठ जाएंगे।


